Bihar news: पंजाब के मोगा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां बिहार मूल की एक 9 साल की मासूम बच्ची के साथ रेप किया गया और फिर साक्ष्य मिटाने के लिए उसे पंखे से लटका दिया गया। इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया। आरोपी ने भागने की पूरी योजना बना रखी थी लेकिन पुलिस ने उसे समय रहते गिरफ्तार कर लिया।
सूना घर देख दरिंदे ने बनाया निशाना
घटना 25 मई की है। दोपहर के समय जब गली में सन्नाटा था बच्ची अपने किराए के कमरे में अकेली थी। पड़ोस में ही रहने वाला 40 वर्षीय आरोपी दयानंद जो मूल रूप से झारखंड का रहने वाला है लंबे समय से मौके की तलाश में था। बड़ी बहन के काम से बाहर जाते ही वह कमरे में घुस गया और बच्ची को हवस का शिकार बनाया।
राज खुलने के डर से रची साजिश
रेप के दौरान जब बच्ची ने शोर मचाकर अपनी मां को बताने की बात कही तो आरोपी घबरा गया। पकड़े जाने के डर से उसने पहले गला घोंटने की कोशिश की और फिर बच्ची को पंखे से लटका दिया, ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके।
बड़ी बहन का दर्द और मासूम की मौत
जब बड़ी बहन कमरे में लौटी तो उसे छोटी बहन फंदे पर लटकी मिली। पड़ोसियों की मदद से बच्ची को तुरंत फंदे से नीचे उतारा गया। उस समय बच्ची की सांसें चल रही थीं लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
आरोपी की सोची-समझी साजिश नाकाम
घटना के बाद आरोपी ने अपना फोन स्विच ऑफ कर लिया और झारखंड भागने के लिए ट्रेन की टिकट बुक कर ली थी। हालांकि, परिजनों के शक और दी गई सूचना के आधार पर मोगा पुलिस ने बुगीपुरा चौक के पास नाकाबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़
पीड़ित परिवार बेहद गरीब है। मृत बच्ची के पिता ने भी दो साल पहले आत्महत्या कर ली थी। अब घर की पूरी जिम्मेदारी मां पर है। परिवार की दयनीय स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए बच्ची का अंतिम संस्कार स्वयं करवाया। आरोपी के खिलाफ रेप, हत्या और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे रिमांड पर लिया जा रहा है।

