मोकामा/पटना: राजधानी पटना के मोकामा थाना क्षेत्र स्थित मोलदियार टोला में शनिवार तड़के हुई फायरिंग की एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। दिल्ली से महज चार दिन पहले घर लौटे एक युवक को नशे के आदी कुछ अपराधियों ने बेरहमी से निशाना बनाया। पीड़ित के शरीर में तीन गोलियां लगने की सूचना है, जिसके बाद उसे मरणासन्न स्थिति में पटना मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल (PMCH) में भर्ती कराया गया है।
नशे की महफिल बनी विवाद का कारण
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह लगभग 3:00 बजे मोलदियार टोला के समीप कुछ युवक संदिग्ध अवस्था में एकत्रित होकर नशीले पदार्थों (स्मैक) का सेवन कर रहे थे। नशे की हालत में वहां मौजूद युवकों के बीच किसी मामूली बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते हाथापाई शुरू हो गई। इसी बीच, आरोपियों ने आपा खोते हुए दिल्ली से लौटे कारू कुमार उर्फ निकेत कुमार (अरविंद सिंह के पुत्र) पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
शरीर के नाजुक हिस्सों में लगी गोली
हमले में कारू कुमार बुरी तरह घायल हो गया। स्थानीय सूत्रों की मानें तो उसे तीन गोलियां लगी हैं। पहली गोली सीधे उसके पेट में लगी, दूसरी पसली को चीरती हुई निकल गई और तीसरी गोली कान को क्षतिग्रस्त करते हुए पार हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने आनन-फानन में उसे पटना के पीएमसीएच पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। खबर लिखे जाने तक युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
पुरानी रंजिश की आशंका
मोकामा थाना प्रभारी कुणाल कुमार ने पुष्टि की है कि घटना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन परिजन तब तक उसे इलाज के लिए ले जा चुके थे। उन्होंने बताया कि गोलियों की सटीक संख्या मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। पीड़ित के चचेरे भाई ने बताया कि कारू पर पूर्व में भी जानलेवा हमला हुआ था, जिससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि यह घटना पुरानी रंजिश का परिणाम हो सकती है। पुलिस फिलहाल हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इलाके में इस घटना के बाद से दशहत का माहौल है।

