० गुरुग्राम-फरीदाबाद में बारिश से जनजीवन प्रभावित, कई इलाकों में जलभराव और लंबा ट्रैफिक जाम

चंडीगढ़। हरियाणा में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार सोनीपत, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, कुरुक्षेत्र, करनाल, झज्जर, रेवाड़ी, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, पानीपत और गुरुग्राम समेत कई जिलों में तेज बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज हवा चलने और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।


बारिश ने जनजीवन को किया प्रभावित
मंगलवार को हुई तेज बारिश ने प्रदेश के कई शहरों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी, फतेहाबाद, सोनीपत, यमुनानगर, भिवानी और महेंद्रगढ़ में कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। गुरुग्राम में सेक्टर-10 से हीरो होंडा चौक तक करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जबकि दिल्ली-गुरुग्राम मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से जाम एयरपोर्ट टनल तक पहुंच गया।


जलभराव से रास्ते हुए बंद
उधर, फरीदाबाद में भारी बारिश के कारण ओल्ड फरीदाबाद अंडरपास और एनएचपीसी अंडरपास को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। राष्ट्रीय राजमार्ग और बल्लभगढ़ अनाज मंडी में भी जलभराव होने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन ने संबंधित विभागों को अलर्ट रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।