हिसार के उपायुक्त महेंद्र पाल ने मानसून के दौरान संभावित बाढ़ और जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए जिले की प्रमुख ड्रेनों का दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों को समय रहते सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और अतिक्रमण हटाने के कड़े निर्देश दिए हैं।

काजल, हिसार। मानसून के दौरान संभावित बाढ़ और जलभराव की गंभीर स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों द्वारा अभी तक किए गए कार्यों की समीक्षा की गई। इसके लिए उपायुक्त महेंद्र पाल ने वीरवार को जिले की प्रमुख ड्रेनों और जलभराव संभावित क्षेत्रों का धरातल पर निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने गांव गंगवा, सातरोड, पातन, सेक्टर-33, शाहपुर, खरड़ और आर्य नगर सहित विभिन्न निचले इलाकों का दौरा कर जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया। यह पूरी प्रशासनिक कसरत (Monsoon flood preparedness in Hisar) को मजबूत करने के लिए की गई है, ताकि आगामी बारिश के मौसम में आमजन को जलभराव की समस्या से न जूझना पड़े।

मशीनरी और संसाधनों की जांच

निरीक्षण के दौरान बाढ़ के पानी की निकासी के लिए लगाए गए पंप सेट, साइफन पंप, ड्रेन सफाई व्यवस्था, डीडी पंप सेट और पैनल बोर्ड की कार्यशीलता को भी बारीकी से जांचा गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि मानसून शुरू होने से पहले सभी ड्रेनों की सफाई नियमित रूप से जारी रखी जाए और उनमें जमा गाद, कचरा व अन्य सभी रुकावटों को तुरंत हटाया जाए। उन्होंने जलभराव वाले संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पंप सेट और अन्य आवश्यक मशीनरी पहले से ही उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उपायुक्त महेंद्र पाल ने कमजोर तटबंधों को समय रहते मजबूत करने और तेज हवाओं या तूफान के कारण गिरने वाले पेड़ों को तुरंत हटाने के लिए भी कहा।

अधिकारियों को आपसी तालमेल के निर्देश

उपायुक्त ने नगर निगम, सिंचाई विभाग और जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के उच्च अधिकारियों को आपस में बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने को कहा है। इसके साथ ही उन्होंने ड्रेनों के किनारे हुए सभी प्रकार के अतिक्रमण को हटाने और अवैध कब्जों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी जारी किए। उपायुक्त ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि बाढ़ प्रबंधन के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर दैनिक रिपोर्ट और फोटो उनके कार्यालय में भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान एसडीएम ज्योति मित्तल, राजस्व अधिकारी श्याम लाल और जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र कुमार उपस्थित रहे।