० अगले 48 घंटे में पूरे हरियाणा को भिगोने के आसार

हिसार। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार हरियाणा में दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री हो गई है। मानसून ने यमुनानगर, अंबाला और पंचकूला के रास्ते प्रदेश में दस्तक दी है। मौसम विभाग ने पहले ही अगले 48 घंटों में मानसून पहुंचने का अनुमान जताया था, जो अब सही साबित हुआ है।

मानसून के प्रवेश के साथ ही प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। तीन जिलों को छोड़कर बाकी क्षेत्रों में प्री-मानसून बारिश दर्ज की गई। वहीं, मौसम विभाग ने गुरुवार को 20 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए तेज बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है।

यमुनानगर में सबसे ज्यादा बारिश

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून की एंट्री के पहले दिन यमुनानगर में 23 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून अब तेजी से आगे बढ़ेगा और जल्द ही पूरे हरियाणा को अपनी चपेट में ले लेगा।

हालांकि, अब तक प्रदेश में सामान्य से 47 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। विभाग का अनुमान है कि आगामी दिनों में अच्छी बारिश होने से इस कमी की भरपाई हो सकती है।

पिछले साल सामान्य से अधिक हुई थी बारिश

वर्ष 2025 के मानसून सीजन में हरियाणा में सामान्य से 134 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई थी। सिर्फ जुलाई महीने में 173.7 मिमी वर्षा हुई थी, जो सामान्य से 17 प्रतिशत अधिक थी।

इन 20 जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, जींद, पानीपत, हिसार, भिवानी, सोनीपत, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह (मेवात) और पलवल में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।