कुंदन कुमार, पटना। बिहार विधानमंडल का मानसून सत्र कल सोमवार 20 जुलाई से शुरू हो रहा है, जो 24 जुलाई तक चलेगा। पांच दिनों तक चलने वाले इस सत्र को लेकर लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। 20 जुलाई से शुरू होने वाला इस बार का मानसून सत्र कई मायनों में खास होने वाला है। क्योंकि पिछले 21 सालों में यह पहला मौका होगा, जब विधानमंडल की कार्यवाही के दौरान नीतीश कुमार सदन में मौजूद नहीं रहेंगे।

मानसून सत्र के लिए जिला नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। साथ ही डॉग स्क्वायड टीम के द्वारा पूरे विधान मंडल परिसर का जांच एवं निरीक्षण किया गया है।

सरकार को घेरने की तैयारी में होगी विपक्ष

मानसून सत्र के दौरान विपक्ष सरकार को भरत तिवारी एनकाउंटर के मुद्दे पर घेरने की कोशिश करेगी। सत्र के दौरान विपक्षव के नेता भरत तिवारी एनकाउंटर, टेंडर घोटाला, महंगाई, भ्रष्टाचार, बढ़ते अपराध जैसे मुद्दों पर सम्राट सरकार को घेरने की कोशिश करेंगे। बता दें कि बहुमत परिक्षण के बाद सीएम सम्राट चौधरी की सरकार पहली बार सदन में उत्तर देगी। इस दौरान सम्राट सरकार अपने द्वारा किए गए विकास कार्यों, परियोजनाओं और वित्तीय प्रबंधन और नए एजेंडों पर जवाब देने की तैयारी में होगी।

20 जुलाई से 24 जुलाई तक चलेगा मानसून सत्र

मानसून सत्र के पहले दिन यानी की 20 जुलाई को सरकार अनुपूरक बजट सदन में पेश करेगी। इसके साथ ही कई महत्वपूर्ण विधेयकों और वित्तीय प्रस्तावों को भी पारित किया जा सकता है। 21 जुलाई को सत्र के दूसरे दिन राजकीय विधेयकों एवं अन्य राजकीय कार्यों पर विचार किया जाएगा। 22 जुलाई को सत्र के तीसरे दिन राजकीय विधेयकों एवं अन्य राजकीय कार्यों का निष्पादन। वहीं, 23 जुलाई को वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम अनुपूरक व्यय विवरणी पर वाद-विवाद, मतदान एवं तत्संबंधी विनियोग विधेयक पर चर्चा और पारित कराने की प्रक्रिया। वहीं, मानसून सत्र के अंतिम दिन 24 जुलाई को गैर सरकारी सदस्यों के कार्य (गैर सरकारी संकल्प) के साथ सत्र का समापन होगा।

तेजस्वी के नेतृत्व को लेकर उठ रहे हैं सवाल

कल सोमवार से शुरू होने वाले मानसून विधानसभा के सत्र को लेकर सत्ता पक्ष के नेता तेजस्वी यादव के यूरोप दौरे को लेकर सवाल उठा रहे हैं। गौरतलब है कि तेजस्वी यादव लंबे समय से विदेश यात्रा पर हैं। हालांकि वह पारिवारिक यात्रा पर हैं, या कोई आधिकारिक यात्रा इसे लेकर पार्टी और ना ही तेजस्वी की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने आई है।

ऐसे में एक तरफ जहां, पार्टी के नेता और प्रवक्ता अपना इस्तीफा दे रहे हैं। वहीं, बांकीपुर उपचुनाव सिर पर है। पार्टी की उम्मीदवार रेखा गुप्ता अपने अकेले दम पर प्रचार-प्रसार में जुटी हुई हैं। पार्टी के नेता भी उनके समर्थन में प्रचार करते हुए नजर नहीं आ रहे हैं। वहीं, नेता प्रतिपक्ष और पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव कहां है? इस बात की किसी को सही जानकारी ही नहीं है। ऐसे में तेजस्वी के नेतृत्व को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

ये भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव: रेखा गुप्ता या प्रशांत किशोर, जानिए किसे समर्थन देंगे तेज प्रताप यादव?