Bankipur by-election: बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र इस समय बिहार की सियासत का केंद्र बना हुआ है। उपचुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी अपने चरम पर हैं। सभी दल के प्रत्याशी और नेता अपनी-अपनी जीत का दावा करते नजर आ रहे हैं। इस बीच सबकी नजर अब इस बात पर टिकी हुई है कि जजद की प्रत्याशी वीना मानवी का नामांकन रद्द होने के बाद अब तेज प्रताप यादव किस पार्टी को अपना समर्थन देते हैं। सूत्रों की माने तो तेज प्रताप यादव जनसुराज से चुनाव लड़ रहे प्रशांत किशोर को अपना समर्थन दे सकते हैं।

एक-दो दिन में कर सकते हैं ऐलान

हालांकि इन चर्चाओं के बीच जजद अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने एक पोस्ट कर चल रही अटकलों की तस्वीरों को साफ किया है। तेज प्रताप ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि, जनशक्ति जनता दल ने फिलहाल आधिकारिक रूप से किसी भी राजनीतिक दल को अपना समर्थन नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि, पार्टी आने वाले एक-दो दिनों में सभी परिस्थितियों पर विचार करने के बाद सामूहिक रूप से निर्णय लेगी कि किस दल को समर्थन देना है। अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व द्वारा उचित समय पर सार्वजनिक किया जाएगा।

पीके और तेज प्रताप की हुई थी मुलाकात

सूत्रों के मुताबिक तेज प्रताप यादव वीना मानवी का नामांकन रद्द होने के बाद प्रंशात किशोर को अपना समर्थन दे सकते हैं। बता दें कि नामांकन रद्दे होने के बाद वीना मानवी ने अपने फेसबुक पेज पर पीके को समर्थन देने का ऐलान किया था। हालांकि कुछ देर बाद उन्होंने अपने इस पोस्ट को हटा दिया था। गौरतलब है कि पार्टी नेतृत्व की ओर से अभी तक इस मुद्दे पर फैसला या कोई घोषणा नहीं की गई थी। वहीं, बांकीपुर उपचुनाव से पहले तेज प्रताप यादव और प्रशांत किशोर की मुलाकात भी हुई थी। ऐसे में कयास लगाया जा रहा है कि तेज प्रताप यादव इस उपचुनाव में राजद की रेखा गुप्ता के बजाय प्रशांत किशोर का समर्थन कर सकते हैं।

30 जुलाई को होगा मतदान

गौरतलब है कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होना है, बीजेपी प्रत्याशी नीरज सिन्हा समेत कुल 39 उम्मीदवार मैदान में हैं। बीजेपी, जनसुराज और राजद के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने की उम्मीद है। जनसुराज से प्रशांत किशोर और राजद से रेखा गुप्ता चुनावी मैदान में है। चुनाव का परिणाम 3 अगस्त को सामने आएगा। फिलहाल सभी दल के प्रत्याशी अपने-अपने प्रचार प्रसार में जुटे हुए हैं और अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें – ‘थर-थर कांप रही है पूरी भाजपा’, बांकीपुर उपचुनाव को लेकर प्रशांत किशोर का बड़ा बयान