Bankipur by-election: बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र इस समय बिहार की सियासत का केंद्र बना हुआ है। उपचुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी अपने चरम पर हैं। सभी दल के प्रत्याशी और नेता अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। इस बीच जन सुराज से चुनाव लड़ रहे प्रशांत किशोर ने भाजपा पर करारा हमला बोला है।

थर-थर कांप रही है पूरी भाजपा- पीके

प्रशांत किशोर ने बांकीपुर उपचुनाव को लेकर कहा है कि, एक जनसुराज जिसका कोई संगठन नहीं है, हमने बांकीपुर में कोई काम नहीं किया है। एक आदमी खड़ा हो गया है और पूरी भाजपा थर-थर कांप रही है। भाजपा द्वारा हजारों कार्यकर्ता को उतारा गया है, अपने सो कॉल्ड किले (बांकीपुर) को बचाने के लिए। उन्होंने कहा कि, जहां भाजपा के लोग वोट मांगने भी नहीं जाते थे, वहां एक-एक वार्ड में मंत्री घूम रहे हैं। ये बिहार की जनता के लिए अच्छे दिन आ रहे हैं, जो नेता मंत्री पूछने भी नहीं आते थे। अब वे घर-घर जाकर कह रहे हैं कि वोट दें।

इस बार जनता भाजपा को ठगेगी- पीके

प्रशांत किशोर ने कहा कि, जनसुराज यही चाहता है कि चुनाव में लोगों के पास विकल्प होना चाहिए। कल तक यह लोग कहते थे कि हम लोग यहां से कुत्ता-बिल्ली को भी चुनाव लड़ा देंगे तो वह जीत जाएगा। लेकिन आज उनके मंत्री घर-घर जाकर वोट मांग रहे हैं। आज लोगों के पास एक विकल्प है। लोग राजनीतिक बंधुआ से आगे निकलकर वोट करें। उन्होंने कहा कि, विधानसभा चुनाव में जैसे इन लोगों ने बिहार की जनता को ठगा। ठीक उसी प्रकार बांकीपुर उपचुनाव में जनता इनको ठगने का काम करेगी।

रविशंकर प्रसाद ने किया भाजपा के जीत का दावा

वहीं, दूसरी तरफ एनडीए के नेता लगातार बीजेपी के प्रत्याशी नीरज सिन्हा के जीत का दावा कर रहे हैं। एनडीए के नेताओं का कहना है कि, बांकीपुर हमारी सीटिंग सीट है। मैदान में प्रशांत किशोर हो या कोई और इससे फर्क नहीं पड़ता है। भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा है कि, पूरा NDA एकजुट है, बांकीपुर की जनता भी एकजुट है। जनता जानती है कि नितिन नबीन यहां के 5 बार के विधायक थे, उनके ऐसे अच्छे नेता और कार्यकर्ता को पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया है। उनकी अगवाई हमारे बूथ के कार्यकर्ता को लड़ने का अवसर मिला है। अच्छी जीत होगी।

30 जुलाई को होगा मतदान

गौरतलब है कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होना है, बीजेपी प्रत्याशी नीरज सिन्हा समेत कुल 39 उम्मीदवार मैदान में हैं। बीजेपी, जनसुराज और राजद के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने की उम्मीद है। जनसुराज से प्रशांत किशोर और राजद से रेखा गुप्ता चुनावी मैदान में है। चुनाव का परिणाम 3 अगस्त को सामने आएगा। फिलहाल सभी दल के प्रत्याशी अपने-अपने प्रचार प्रसार में जुटे हुए हैं और अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।