० बंगाल की खाड़ी में बनने वाले लो-प्रेशर सिस्टम और पश्चिमी विक्षोभ का असर, जुलाई के अंत तक झमाझम बारिश के आसार

हिसार। हरियाणा, दिल्ली और एनसीआर में उमस भरी गर्मी से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 20 जुलाई से मानसून एक बार फिर सक्रिय होगा और जुलाई के अंतिम सप्ताह तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बनने वाले निम्न दबाव के क्षेत्र और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कई जिलों में हल्की से मध्यम, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।

मौसम विज्ञानी डॉ. चंद्रमोहन के मुताबिक 20 से 30 जुलाई के बीच पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, कैथल और जींद में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश के आसार हैं। वहीं मध्य और दक्षिणी हरियाणा में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

इन जिलों में तेज बारिश के संकेत
पश्चिमी हरियाणा के हिसार, सिरसा, फतेहाबाद और भिवानी में भी तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर तेज वर्षा होने के संकेत हैं। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इससे उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी और खरीफ फसलों को भी लाभ पहुंचेगा।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में बादल फटने, भूस्खलन और नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका बनी रहेगी। ऐसे में पहाड़ी इलाकों की यात्रा करने वाले लोगों और उत्तरी हरियाणा के निवासियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

रोहतक रहा सबसे गर्म
रविवार को प्रदेश में गर्मी का असर बरकरार रहा। रोहतक सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हिसार और सिरसा में 39.5 डिग्री, भिवानी में 38.8 डिग्री, फतेहाबाद में 36.8 डिग्री और नारनौल में 37.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन 20 जुलाई से मानसून की गतिविधियां तेज होने के संकेत हैं।