कृष्ण कुमार सैनी ,यमुनानगर। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यमुनानगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीआईए स्टाफ-1 की टीम ने करीब दो दर्जन मामलों में वांछित और इनामी बदमाश मोनू उर्फ मुंशी को साहसिक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था और हाल ही में एक शादी समारोह में लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद से पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

जानकारी के अनुसार सीआईए टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि मोनू उर्फ मुंशी अपने एक साथी के साथ आईटीआई चौक के आसपास किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी। जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची, दोनों बदमाश बाइक पर सवार होकर फरार होने लगे। इसके बाद सीआईए टीम ने उनका पीछा शुरू किया।

भागते हुए बदमाशों ने बाइक को रटौली गांव की तरफ मोड़ दिया, लेकिन गांव के पास सड़क पर बिखरी बजरी उनके लिए मुसीबत बन गई। तेज रफ्तार बाइक अचानक असंतुलित होकर फिसल गई। हादसे में मोनू उर्फ मुंशी सड़क पर गिर पड़ा और उसकी टांग टूट गई। मौके का फायदा उठाते हुए पुलिस ने तुरंत उसे दबोच लिया। हालांकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।

पुलिस ने घायल आरोपी को तुरंत यमुनानगर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस फरार साथी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोनू उर्फ मुंशी एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, छीना-झपटी और अन्य गंभीर धाराओं में करीब 24 मामले दर्ज हैं। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसके चलते पुलिस ने उस पर इनाम भी घोषित किया हुआ था।

बताया जा रहा है कि हाल ही में उसने अपने साथियों के साथ एक शादी समारोह में घुसकर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया था। इस घटना के बाद से पुलिस की कई टीमें लगातार उसकी तलाश में लगी हुई थीं। सीआईए की इस कार्रवाई को जिले में अपराध के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।