मुरादाबाद. मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र में रामपुर दोराहे के पास स्थित आरएच इंटरनेशनल फैक्ट्री में सोमवार (14 सितंबर 2026) को भीषण आग लग गई. आग इतनी तेज है कि करीब दो किलोमीटर दूर से भी धुएं का बड़ा गुबार दिखाई दे रहा है. घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

इसे भी पढ़ें- UCC पर अमित शाह के ऐलान से सियासत गरम, कांग्रेस बोली- महंगाई और बेरोजगारी पर बात क्यों नहीं?

दमकल की कई गाड़ियां मौके पर

आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया. दमकलकर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं. फैक्ट्री से निकल रहा घना धुआं आसपास के इलाके में फैल गया है.

धुएं से लोगों को हो रही घुटन

धुआं इतना ज्यादा है कि आसपास रहने वाले लोगों को घुटन और सांस लेने में परेशानी होने की बात सामने आई है. स्थिति को देखते हुए पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास का इलाका खाली करा दिया है. लोगों को घटनास्थल से दूर रहने के लिए कहा गया है.

आग लगने की वजह अभी साफ नहीं

फैक्ट्री में आग किस वजह से लगी, इसका अभी पता नहीं चल पाया है. आग लगने के समय फैक्ट्री के अंदर कितने मजदूर मौजूद थे, इसकी भी जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस और दमकल विभाग की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.

इसे भी पढ़ें- रास्ता-नाली का विवाद, गुस्सा पूर्व मंत्री पर निकला! फेसबुक पर ‘गोली से उड़ाने’ की धमकी, हरियाणा से आरोपी गिरफ्तार

तस्लीम की बताई जा रही फैक्ट्री

आरएच इंटरनेशनल फैक्ट्री कटघर थाना क्षेत्र में रामपुर दोराहे के पास स्थित है. फैक्ट्री के मालिक का नाम तस्लीम बताया जा रहा है. फिलहाल प्राथमिकता आग पर पूरी तरह काबू पाने और किसी भी संभावित जनहानि को रोकने की है. आग बुझने के बाद ही नुकसान और घटना के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.