कुलदीप सिंह, फतेहपुर. उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सोशल मीडिया के माध्यम से पूर्व विधायक और उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व राज्यमंत्री रणवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ ‘धुन्नी भैया’ को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. हथगांव थाना पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है.
बता दें कि हथगांव कस्बे के तेहीपारा निवासी गणेशी साहू ने 7 सितंबर को थाना हथगांव में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के अनुसार, “Dhram Veer” नामक फेसबुक अकाउंट से हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और पूर्व राज्यमंत्री रणवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी भैया के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं. साथ ही, इसी अकाउंट से उन्हें जान से मारने और गोली से उड़ाने की धमकी भी दी गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी.
इसे भी पढ़ें : BRICS में विपक्षी CM की गैरमौजूदगी पर सियासत, अवधेश प्रसाद बोले- BJP की लोकतंत्र विरोधी मानसिकता
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में सोशल मीडिया के जरिए धमकियां देने, अभद्र टिप्पणी करने और सामाजिक वैमनस्य फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत हथगांव पुलिस और सर्विलांस टीम ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रैक की. कार्रवाई करते हुए 13 सितंबर को पुलिस टीम ने आरोपी धर्मवीर सिंह को निजामपुर, जनपद नारनौल (हरियाणा) से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान ग्राम सिठौरा, थाना हथगांव निवासी धर्मवीर सिंह पुत्र सूरजभान सिंह (35) के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके कब्जे से वह मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है, जिससे सोशल मीडिया पर धमकी भरे पोस्ट किए गए थे.
पुलिस पूछताछ में आरोपी धर्मवीर सिंह ने स्वीकार किया कि उसके गांव में रास्ते और नाली को लेकर कुछ विवाद चल रहा था. उसका आरोप था कि ग्राम प्रधान द्वारा उचित विकास कार्य नहीं कराए जा रहे हैं और उसके परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है. इसी बात से आक्रोशित होकर उसने फेसबुक पर पूर्व मंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी और जान से मारने की धमकी पोस्ट कर दी थी. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर ली है और उसे सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना कर दिया है. इस पूरी कार्रवाई में हथगांव थाना पुलिस और सर्विलांस सेल की टीम ने अहम भूमिका निभाई.



