Morning News Brief (मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (29 मई 2026) की खबरों में NEET पेपर लीक पर सुप्रीम कोर्ट ने NTA को UPSC से सीख लेने की नसीहत दी; कोर्ट से अब नहीं मिलेगी ‘तारीख पर तारीख’; राहुल गांधी ने ऑटो ड्राइवरों के साथ खाना खाया; मद्रास हाईकोर्ट बोला- न्यायपालिका में भ्रष्टाचार है; डॉलर पर ट्रंप की एंट्री प्रमुख रहा।

1. NEET पेपर लीक पर सुप्रीम कोर्ट ने NTA को UPSC से सीख लेने की नसीहत दी
NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में सुप्रीम कोर्ट ने एक बड़ा कदम उठाते हुए शुक्रवार को कहा कि वह इस पूरे मामले की जांच की खुद कुछ समय तक निगरानी करेगा। सुप्रीम कोर्ट ने परीक्षा आयोजित करने वाली संस्था ‘नेशनल टेस्टिंग एजेंसी’ (NTA) को कड़ी फटकार लगाते हुए इस घटना को युवाओं के लिए बेहद दुखत बताते हुए कहा कि जो हुआ वह बेहद दुखद है, युवाओं को इस तरह निराश नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने कहा कि, UPSC में तो आजतक इस तरह की बात सामने नहीं आई तो फिर NEET में बार बार ऐसा क्यों हो रहा है।

2. कोर्ट से अब नहीं मिलेगी ‘तारीख पर तारीख
अदालतों में सालों तक चलने वाले केस कई बार व्यक्ति की सब्र का इम्तेहान ले लेते है. कई बार फैसले आने तक तो अपीलकर्ता की मृत्यु तक हो जाती है. बॉलीवुड की सुपरहिट मूवी ‘दामिनी’ में इसी कारण सनी देओल का डायलॉग फेमस हुआ था ‘तारीख पर तारीख’. यह केवल डायलॉग नहीं था बल्कि देश की न्याय व्यवस्था का स्याह सच उजागर करने वाला वाक्य था. लेकिन अब सुप्रीम कोर्ट ने दशकों से चली आ रही इस भेड़ चाल पर रोक लगाने का फैसला कर लिया है. देश की शीर्ष अदालत ने लंबित मामलों और फैसलों में होने वाली देरी पर चिंता जताते हुए सभी हाईकोर्ट के लिए अनिवार्य दिशा-निर्देश जारी किए हैं. शीर्ष अदालत ने आरक्षित फैसलों, जमानत आदेशों और उनके कारणों को सार्वजनिक करने के लिए स्पष्ट समयसीमा तय कर दी है.

3. मद्रास हाईकोर्ट बोला- न्यायपालिका में भ्रष्टाचार है
न्यायपालिका में भ्रष्टाचार और भ्रष्ट न्यायाधीश यानी घूसखोर जज हमेशा से बहस का बड़ा मुद्दा रहा है। कई बार जजों पर भ्रष्टाचार का आरोप लग चुका है। पिछले दिनों सीबीएसई के चैप्टर ‘न्यायपालिका में भ्रष्टाचार’ को लेकर जमकर बवाल हुआ था। मामले में सुप्रीम कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए इसे लेकर सीबीएसई को जमकर फटकार लगाई थी। यहां तक की किताब से इस चैप्टर तक को भी हटवा दिया था। अब वही न्यायपालिका में भ्रष्टाचार पर मद्रास हाईकोर्ट ने बड़ी टिप्पणी की है। मद्रास हाईकोर्ट ने माना है कि न्यायपालिका में भ्रष्टाचार है। हाईकोर्ट ने कहा कि भ्रष्ट न्यायाधीश पहले भी रहे हैं और आज भी हैं। जस्टिस जी आर स्वामीनाथन और न्यायमूर्ति वी लक्ष्मीनारायण की अवकाशकालीन पीठ ने यह टिप्पणी की है।

4. राहुल गांधी ने ऑटो ड्राइवरों के साथ खाना खाया
कांग्रेस सांसद और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का अनोखा अंदाज देखने को मिला है। राहुल गांधी ने ऑटो ड्राइवरों के साथ खाना खाने का वीडियो सामने आया है। राहुल गांधी ने के टोडरमल पार्क पहुंचे। यहां उन्होंने ऑटो ड्राइवरों की ड्रेस पहनी। इसके बाद उन लोगों के साथ जमीन पर बैठकर साथ खाना खाया। इस दौरान उन्होंने महंगाई, रोजगार, ईंधन की बढ़ती कीमतों और आम लोगों के जीवन पर पड़ रहे प्रभावों को लेकर ऑटो ड्राइवरों से बात की।

5. डॉलर पर ट्रम्प की एंट्री
अमेरिका में जल्द डोनाल्ड ट्रम्प की तस्वीर वाले 250 डॉलर के नोट को जारी किया जाने वाला है। ट्रम्प सरकार इस तैयारियों में लग चुकी है। सरकार का कहना है कि अगर कांग्रेस (संसद) कानून बदल देती है, तो नया नोट छापने का रास्ता साफ हो जाएगा। अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने बताया कि अभी अमेरिका में एक नियम है, जिसके तहत किसी जीवित व्यक्ति की तस्वीर नोट पर नहीं छापी जा सकती। इसी नियम में बदलाव की कोशिश चल रही है। बता दें कि, अगर प्रस्ताव पास हो जाता है, तो ट्रम्प अमेरिकी नोट पर छपने वाले 150 साल से ज्यादा समय बाद पहले जीवित व्यक्ति होंगे।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
तीसरी बार IPL के फाइनल में पहुंचा गुजरात, GT ने राजस्थान को 7 विकेट से हरायाः मोहाली के न्यू चंडीगढ़ स्थित महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आज IPL-2026 का क्वालिफायर-2 मुकाबला खेला गया, जिसमें गुजरात टाइटंस (GT) ने राजस्थान रॉयल्स (RR) को 7 विकेट से हराया। कप्तान शुभमन गिल ने 53 गेंदों पर 104 रन की पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई। इस जीत के साथ गुजरात तीसरी बार आईपीएल के फाइनल में पहुंची है। IPL 2026 का फाइनल मुकाबला 31 मई को गुजरात और बेंगलुरू के बीच खेला जाएगा। (पूरी खबर पढ़े)
महाराष्ट्र में जहरीली शराब का कहरः महाराष्ट्र के पुणे में जहरीली शराब का कहर देखने को मिला है. यहां बीते दो दिनों में हुई 15 लोगों की मौत से हड़कंप मच गया है. बताया जा रहा है कि, इनमें से 11 लोगों की मौत कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से हुई है, जबकि चार अन्य की मौत अलग-अलग कारणों से बताई जा रही है. इन मौतों के बाद प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए और आनन फानन में प्रभावित क्षेत्रों में हेल्थ कैंप लगाना पड़ा. पूरा मामला पिंपरी-चिंचवड और हडपसर का बताया जा रहा है. मृतकों में युवाओं से लेकर बुजुर्ग तक शामिल हैं. (पूरी खबर पढ़े)
कॉकरोच जनता पार्टी को दिल्ली हाईकोर्ट से बड़ा झटकाः कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी (CJP) को दिल्ली हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। दिल्ली हाईकोर्ट ने कॉकरोच जनता पार्टी के सोशल मीडिया एक्स अकाउंट (X account) को तुरंत बहाल करने से इनकार कर दिया है। कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके (abhijit dipke) की याचिका पर सुनवाई करते हुए जस्टिस पुरुषैन्द्र कुमार कौरव ने कहा कि अकाउंट को तुरंत बहाल नहीं किया जा सकता है। (पूरी खबर पढ़े)
इस्तीफे के बाद राहुल गांधी से मिले सिद्धारमैया; सौंपी ख्वाहिशों की लिस्टः कर्नाटक सीएम सिद्धारमैया का इस्तीफा स्वीकार हो गया है। गुरुवार देर रात बेंगलुरु लौटने के बाद राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने सिद्धारमैया का इस्तीफा मंजूर कर लिया। सीएम पद से इस्तीफा देने के 24 घंटे के अंदर सिद्धारमैया दिल्ली पहुंच गए। नई दिल्ली प्रवास के दौरान सिद्धारमैया ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की। अपने बेटे यतींद्र सिद्धारमैया के साथ दिल्ली पहुंचे कर्नाटक के कार्यवाहक मुख्यमंत्री सिद्धारमैया दिल्ली पहुंचते ही राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे को ख्वाहिशों की लिस्ट सौंपी। सिद्धारमैया ने बेटे यतींद्र सिद्धारमैया के लिए पार्टी हाईकमान से बड़ा पद मांगा। (पूरी खबर पढ़े)
पीएम मोदी ने मेलोनी को Melody Toffee गिफ्ट दी, खुशी से झूम उठी इटली की प्रधानमंत्री
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

