Bihar News: बिहार के नवादा जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां परनाडाबर थाना क्षेत्र के मांझी टोला में आज शुक्रवार को करंट की चपेट में आने से मां और तीन साल की मासूम बेटी की जान चली गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर छा गई। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बच्ची को बचाने के चक्कर में मां की भी मौत
मृतकों की पहचान रानी कुमारी पत्नी राजेश मांझी और उसकी तीन साल की बेटी दुलारी कुमारी के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार रानी कुमार अपने घर में चूल्हे की पोताई कर रही थीं। इसी दौरान उनकी बेटी घर के कोने में लगे बिजली के अर्थिंग तार की चपेट में आ गई। बच्ची के रोने व चिल्लाने की आवाज सुनकर रानी उसे बचाने दौड़ी। इस दौरान जैसे ही उन्होंने अपनी बच्ची को छुआ, वह भी करंट की चपेट में आ गईं।
पूरे गांव में मातम का माहौल
हादसे के समय मृतका के पति राजेश मांझी मजदूरी करने के लिए बाहर गए हुए थे। मां-बेटी की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बिजली का कनेक्शन भी काटा। लेकिन, तबतक काफी देर हो चुकी थी। करंट की चपेट में आने से मां-बेटी की दर्दनाक मौत हो चुकी थी। इस हादसे के बाद एक तरफ जहां, पूरे गांव में मातम का माहौल कायम हो गया। वहीं, परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जांच पड़ताल में जुटा पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय पुलिस पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद मां-बेटी के शवों को कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें- बिहार AEDO परीक्षा धांधली में EOU का बड़ा एक्शन, मुंबई से मास्टरमाइंड समेत 2 गिरफ्तार


