सोहराब आलम, मोतिहारी। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल कचहरी चौक पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस की वर्दी पहनकर फर्जी तरीके से ड्यूटी कर रहा एक युवक रंगे हाथों धरा गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है। कचहरी चौक जैसे महत्वपूर्ण और भीड़भाड़ वाले संवेदनशील स्थान पर एक फर्जी सिपाही का ड्यूटी देना स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

​संग्रामपुर का निवासी है पकड़ा गया आरोपी

​गिरफ्तार किए गए फर्जी पुलिसकर्मी की पहचान मनोज कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला है कि वह संग्रामपुर थाना क्षेत्र के ठीकहा गांव के निवासी नागेश्वर रावत का पुत्र है। आरोपी चौक पर बिल्कुल असली पुलिसकर्मी की तरह तैनात होकर लोगों पर रोब जमा रहा था। उसकी वेशभूषा और गतिविधियों को देखकर स्थानीय पुलिस को संदेह हुआ, जिसके बाद नगर थाना की टीम ने जब उससे कड़ाई से पूछताछ की, तो उसकी सच्चाई सामने आ गई।

​किस नीयत से पहनी वर्दी? पुलिस कर रही जांच

​फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आरोपी किस मकसद या आपराधिक साजिश के तहत पुलिस की वर्दी पहनकर कचहरी चौक पर ड्यूटी कर रहा था। क्या वह आम लोगों से अवैध वसूली या ठगी करने की नीयत से वहां मौजूद था, या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश थी नगर थाना पुलिस इन सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है।

​सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, पूछताछ जारी

​कचहरी चौक के आसपास न्यायालय और कई प्रशासनिक दफ्तर स्थित हैं। ऐसे में दिन-दिहाड़े फर्जी सिपाही का ड्यूटी पर तैनात पाया जाना सुरक्षा तंत्र की बड़ी चूक माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को हिरासत में लेकर नगर थाने में लगातार पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने और बयान दर्ज होने के बाद ही पूरे मामले की असल वजह सामने आ सकेगी।