सोहराब आलम/मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी पुलिस ने अपराध जगत पर एक बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए जाली नोटों के एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। भोपतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर 1 करोड़ 26 लाख रुपये के जाली नोट और अन्य अवैध सामग्री के साथ दो मुख्य सरगनाओं को दबोचा है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भोपतपुर इलाके में नकली नोटों का एक बड़ा सिंडिकेट सक्रिय है जहां अन्य देशों से तस्करी कर लाई गई नकली नोटों की खेप खपाई जा रही है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में 5 थानों की पुलिस टीम ने रात भर सघन तलाशी अभियान चलाया। इस छापेमारी में पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड सुलेमान अंसारी और इम्तियाज को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने क्या-क्या बरामद किया?
सदर डीएसपी-2 जितेश पांडे ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि छापेमारी के दौरान पुलिस ने चौंकाने वाली बरामदगी की है:
- नकली नोट: लगभग 1 करोड़ रुपये के जाली नोट।
- टॉय नोट: 25 लाख रुपये के बच्चों के खिलौने वाले नोट।
- कैश: 13 लाख रुपये असली नगदी।
- सोना: 38 सोने के बिस्किट।
- अन्य सामग्री: हथियार, कारतूस, लग्जरी गाड़ी और पुलिस की वर्दी।
ठगी का नया और खतरनाक मोडस ऑपरेंडी
पुलिस की जांच में इस गिरोह की एक बेहद शातिर कार्यप्रणाली सामने आई है। ये अपराधी लोगों को लालच देते थे कि वे उन्हें कम असली पैसों के बदले अधिक जाली नोट देंगे।
एक बार जब शिकार इनके जाल में फंस जाता था तब ये गिरोह अपने सहयोगियों को पुलिस की वर्दी पहनाकर मौके पर भेजते थे। वे छापेमारी का नाटक करते हुए पीड़ित से सारे पैसे छीन लेते थे। इस तरह पीड़ित न तो पुलिस में शिकायत कर पाता था और न ही अपने पैसे वापस मांग सकता था। पुलिस ने इन अपराधियों के पास से भारी मात्रा में नकली वर्दी भी जब्त की है जिसका इस्तेमाल वे लोगों को धमकाने और लूटने के लिए करते थे।
फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इनके अन्य साथियों की तलाश में छापेमारी जारी है। इस गिरोह का भंडाफोड़ मोतिहारी पुलिस की एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।

