सोहराब आलम/मोतिहारी। जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलवा राय स्थित कमल गैस एजेंसी पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब घंटों कतार में खड़े रहने के बाद उपभोक्ताओं को बताया गया कि सिलेंडर खत्म हो चुके हैं। इस सूचना के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने गोदाम के बाहर जमकर नारेबाजी और हंगामा शुरू कर दिया।

​वितरण में पारदर्शिता पर उठे सवाल

​मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी प्रबंधन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता नहीं बरत रहा है। लोगों का कहना है कि वे सुबह से ही काम-काज छोड़कर लाइन में लगे थे, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने यह भी शिकायत की कि उन्हें समय पर रिफिल नहीं मिल पा रही है, जिससे उनके घरों के चूल्हे ठंडे पड़े हैं।

​पुलिस की दखल के बाद शांत हुआ मामला

​हंगामा बढ़ता देख और स्थिति को बेकाबू होते देख गोदाम प्रबंधक ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने नाराज लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद भीड़ वहां से छंटी।

​एजेंसी प्रबंधन की सफाई

​दूसरी ओर, गैस एजेंसी के मैनेजर ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि:

  • ​गैस की कोई कमी नहीं है, आपूर्ति सुचारू है।
  • ​जितना स्टॉक (लोड) प्राप्त हो रहा है, उसे नियमों के अनुसार बांटा जा रहा है।
  • ​हंगामा अक्सर उन लोगों द्वारा किया जाता है जो बिना बारी या बिना नंबर के सिलेंडर लेना चाहते हैं।