मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी स्थित बलुआ सब्जी बाजार इलाके में बुधवार को एक हृदयविदारक घटना घटी। खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर में हुए रिसाव ने भीषण अग्निकांड का रूप ले लिया जिससे चार परिवारों का आशियाना जलकर पूरी तरह राख हो गया। इस हादसे में लाखों रुपये की संपत्ति और नकदी स्वाहा हो गई जिससे पीड़ित परिवार बेघर हो गए हैं।

​कैसे हुई घटना?

​घटना उस समय हुई जब एक घर में गृहणी खाना बना रही थी। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर से रिसाव शुरू हो गया। आग ने देखते ही देखते सिलेंडर को अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने का प्रयास करने से पहले ही सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आग की लपटें बेकाबू हो गईं और देखते ही देखते आसपास के तीन और घरों को अपने आगोश में ले लिया।

​सब कुछ जलकर हुआ राख

​आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि स्थानीय लोगों की तमाम कोशिशें भी काम नहीं आईं। सूचना पाकर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक देव लाल साह बोला साह, शिव साह और गणेश साह के घर पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे।
​पीड़ित परिवारों के अनुसार इस अग्निकांड में लगभग दस लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। इनमें करीब छह लाख रुपये नकद, कीमती जेवरात, कपड़े, फर्नीचर और घर का अन्य जरूरी सामान शामिल है।

​शादियों के सपने भी जले

​इस हादसे में पीड़ितों के भविष्य के सपने भी जलकर राख हो गए। एक पीड़ित महिला ने बिलखते हुए बताया कि उन्होंने अपने बेटे की आगामी शादी के लिए गहने खरीदने और घर बनाने के लिए वर्षों की मेहनत से पैसे जमा किए थे जो इस हादसे में पूरी तरह खाक हो गए।
​वर्तमान में ये सभी परिवार बेघर हो चुके हैं और खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवारों की स्थिति को देखते हुए उन्हें अविलंब मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाए ताकि वे दोबारा अपना जीवन व्यवस्थित कर सकें। प्रशासन ने मामले की जांच और राहत कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया है।