सोहराब आलम, मोतिहारी। शहर में होटल संचालकों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब पार्टी और कथित देह व्यापार की शिकायतों पर सख्त रुख अपनाया है। डीएम सौरभ जोरवाल और एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर सदर एसडीओ निशांत सिहारा के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने शहर के प्रमुख होटलों में छापेमारी की। इस कार्रवाई से होटल व्यवसायियों में हड़कंप मच गया।
नशे की हालत में होटल मैनेजर समेत 3 गिरफ्तार
छापेमारी की शुरुआत छतौनी थाना क्षेत्र स्थित होटल सूर्या से की गई, जहां टीम ने अलग-अलग कमरों की तलाशी ली। जांच के दौरान कई खाली शराब की बोतलें बरामद हुईं, जबकि एक कमरे से शराब की भरी बोतल भी मिली। मौके पर दो व्यक्ति शराब का सेवन करते पकड़े गए। वहीं होटल का मैनेजर भी नशे की हालत में पाया गया। सभी संदिग्धों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई, जिसमें अल्कोहल की पुष्टि होने के बाद तीनों को गिरफ्तार कर थाने लाया गया।
होटल हर्ष में भी छापेमारी
इसके बाद टीम ने होटल हर्ष में भी छापेमारी की, जहां संदिग्ध गतिविधियों को लेकर जांच की गई। हालांकि वहां से गिरफ्तारी की सूचना नहीं है, लेकिन प्रशासन ने होटल प्रबंधन को सख्त चेतावनी दी है। सदर एसडीओ निशांत सिहारा ने बताया कि शहर के होटलों में शराब पार्टी, देह व्यापार और घरेलू गैस के अवैध उपयोग की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की गई है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी इस तरह की छापेमारी जारी रहेगी। जिला प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद पूरे शहर में हड़कंप की स्थिति है। न केवल होटल, बल्कि रेस्टोरेंट, मिठाई दुकानों और अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में भी जांच अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें- बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, एक साथ कई बड़े अधिकारियों का हुआ तबादला, देखें पूरी लिस्ट
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

