Bihar Police Transfer: बिहार सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सरकार और पुलिस मुख्यालय ने यह बड़ा कदम उठाया है। बता दें कि राज्य में नई सरकार बनने के बाद पहली बार एक साथ बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारियों का ट्रांसफर व पोस्टिंग की गई है, जिससे प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई है।

कई बड़े अधिकारियों का हुआ तबादला

पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी किए गए निर्देश में इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और एएसआई स्तर के दर्जनों अधिकारियों को नई जगहों पर पोस्टिंग दी गई है। ट्रांसफर व पोस्टिंग के साथ ही सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी संभालने को भी कहा गया है, जिससे कामकाज में किसी प्रकार की कोई रुकावट न आए।

बता दें कि यह फैसला आज मंगलवार 21 अप्रैल को हुई स्थानांतरण समिति की बैठक के बाद लिया गया है। बैठक में अलग-अलग जिलों में तैनात अधिकारियों के कामकाज की समीक्षा करने के बाद यह बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है।

भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ा कदम

ध्यान देने वाली बात यह है कि बड़ी संख्या में अधिकारियों को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) में भेजा गया है। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि भ्रष्टाचार के मामलों पर सख्ती और लंबित जांचों को तेजी से निपटाने के लिए यह कदम उठाया गया है। कई अनुभवी अधिकारी, जैसे अस्मित कुमार, अरुण कुमार सिंह और राजेश चौधरी को यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।

ये भी पढ़ें- टूटकर गिरने लगे पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल पर लगे टाइल्स, तेजस्वी ने VIDEO शेयर कर बताई असली वजह