सोहराब आलम, मोतिहारी। शहर के जेजे कनक हॉस्पिटल में गॉल ब्लैडर (पित्ताशय) की पथरी के ऑपरेशन के दौरान एक मरीज की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान बंजरिया थाना क्षेत्र के गोखुला गांव निवासी विजय पांडे के रूप में हुई है। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और अस्पताल परिसर में भारी हंगामा हुआ।

​स्वस्थ गए थे अस्पताल, लौटानी पड़ी लाश

​मृतक के दादा धूपनाथ पांडे ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उनका पोता विजय पांडे पूरी तरह से स्वस्थ था और घर से चलकर खुद अस्पताल आया था। उसे केवल गॉल ब्लैडर में पथरी की शिकायत थी, जिसके इलाज और ऑपरेशन के लिए उसे जेजे कनक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उनका सवाल है कि सामान्य ऑपरेशन के दौरान ऐसी क्या लापरवाही हुई कि हंसते-खेलते युवक की जान चली गई।

​परिजनों और ग्रामीणों का हंगामा

​युवक की मौत की खबर मिलते ही गोखुला गांव से भारी संख्या में मृतक के रिश्तेदार, सहयोगी और ग्रामीण जेजे कनक हॉस्पिटल पहुंच गए। अस्पताल प्रशासन के खिलाफ आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया और न्याय की मांग की। अस्पताल में बढ़ती भीड़ और तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए तुरंत स्थानीय छतौनी थाने की पुलिस को सूचना दी गई।

​पुलिस की तुरंत कार्रवाई

​हंगामे की सूचना मिलते ही छतौनी थाने की पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को शांत कराया। पुलिस ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है, जिसके बाद स्थिति नियंत्रण में आई। इस घटना के बाद से इलाके में निजी अस्पतालों की चिकित्सा व्यवस्था और डॉक्टरों की लापरवाही को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।