सोहराब आलम, मोतिहारी। देशभर में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर राजनीतिक सरगर्मी काफी तेज हो गई है। इसी कड़ी में पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी स्थित मीना बाजार चौक पर महागठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में भारी संख्या में महागठबंधन के कार्यकर्ता शामिल हुए, जिससे मीना बाजार चौक पर कुछ देर के लिए माहौल पूरी तरह गरमा गया।
वोट चोरी और SIR का गंभीर आरोप
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पूर्वी चंपारण के महागठबंधन के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी राजेश कुशवाहा ने कार्यक्रम के दौरान चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि चुनाव प्रक्रिया में किसी प्रकार की वोट चोरी या धांधली नहीं होती, तो वे कभी भी चुनाव नहीं हारते। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर (SIR) के नियमों के तहत सुनियोजित तरीके से वोटों की चोरी की गई है, जिसके विरोध में आज पूरा देश सड़क पर उतरने को मजबूर है।



मुख्य चुनाव आयुक्त पर गड़बड़ी का आरोप
राजेश कुशवाहा ने आगे कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त की सीधी संलिप्तता और उनकी देखरेख में चुनावों में भारी गड़बड़ी की गई है। महागठबंधन का यह साफ रुख है कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त अपने पद से इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक उनका यह विरोध प्रदर्शन और आंदोलन अनवरत रूप से जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो आंदोलन को और अधिक आक्रामक किया जाएगा।

