Patna juction: पटना जंक्शन को विश्वस्तरीय और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। हाल ही में केंद्र सरकार की उच्चस्तरीय टीम ने स्टेशन का जायजा लिया, जिसके बाद अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों को बड़ी गति मिलने की पूरी उम्मीद है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस मेगा प्रोजेक्ट की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) अगले दो महीनों में अंतिम रूप देकर रेलवे बोर्ड को भेज दी जाएगी।
मेट्रो और मल्टीलेवल पार्किंग से सीधी कनेक्टिविटी
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय टीम ने करबिगहिया और महावीर मंदिर के पास सर्कुलेटिंग एरिया का जायजा लिया और यात्रियों की आवाजाही के मास्टर प्लान को बारीकी से समझा। पटना जंक्शन के पुनर्विकास के तहत जंक्शन गोलंबर के पास बन रहे नए मेट्रो स्टेशन को सीधे जंक्शन परिसर से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा, स्टेशन पर एक आधुनिक बहुमंजिली पार्किंग का निर्माण होगा, जिसमें एक साथ 1500 से 2000 कारें और दोपहिया वाहन पार्क करने की क्षमता होगी। इस मल्टीलेवल पार्किंग को भी सीधे मेट्रो स्टेशन से लिंक किया जाएगा, जिससे यात्रियों को वाहन पार्क करने के बाद बिना किसी परेशानी के सीधे मेट्रो या स्टेशन तक पहुंचने का सुगम मार्ग मिलेगा।
एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं से लैस होगा
परियोजना के दूसरे महत्वपूर्ण हिस्से के तहत हार्डिंग पार्क पैसेंजर टर्मिनल को बिल्कुल एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। इसे भी मेट्रो स्टेशन से जोड़ा जाएगा, जिससे ट्रेन से उतरने वाले यात्री बिना स्टेशन परिसर से बाहर निकले सीधे मेट्रो या स्थानीय बसें पकड़ सकेंगे। इससे यात्रियों के बहुमूल्य समय की बचत तो होगी ही, साथ ही ऑटो और कैब के अतिरिक्त खर्च से भी राहत मिलेगी। इस नए टर्मिनल से प्रतिदिन 70 से अधिक पैसेंजर और मेमू ट्रेनें संचालित होंगी, जिससे रोजाना लगभग 1 लाख से अधिक यात्रियों का आवागमन सुगम हो जाएगा। इस टर्मिनल के शुरू होने से पटना जंक्शन और इसके आसपास लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से भी स्थायी मुक्ति मिलेगी।
केंद्रीय टीम ने की प्रगति की समीक्षा
केंद्र प्रायोजित महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए केंद्रीय मंत्रिमंडल सचिवालय के प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप के स्ट्रैटेजी हेड श्वेतांक सिन्हा और एसोसिएट स्ट्रैटेजी अनुराग त्रिपाठी पटना पहुंचे। उन्होंने मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर कार्यों की समीक्षा की। पटना जंक्शन के निरीक्षण के बाद यह केंद्रीय टीम बिहटा एयरपोर्ट, दानापुर-बिहटा एलिवेटेड रोड, एनएच-922, नवानगर बॉटलिंग प्लांट, पटना मेट्रो और पटना एयरपोर्ट का भी दौरा कर दिल्ली लौटेगी।

