Bihar Crime: मोतिहारी पुलिस ने हरसिद्धि थाना क्षेत्र स्थित गन्ने के खेत में मिले महिला के शव और कथित लूट की घटना का 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। महिला की हत्या किसी अपराधी ने नहीं, बल्कि उसके सगे बेटे ने की थी। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। बेटे ने पैसे के लालच में आकर अपनी ही मां का चाकू से हत्या कर दिया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, खून से सना कपड़ा और चोरी/लूट की रकम भी बरामद कर ली है।

मां की हत्या कर रची लूट की कहानी

घटना का खुलासा करते हुए अरेराज डीएसपी नवीन कुमार ने बताया कि, मंगलवार को पहाड़पुर थाना क्षेत्र के बनकटवा गांव निवासी झमन मियां की पत्नी नगमा खातून अपने बेटे आलम हुसैन के साथ अरेराज स्थित यूनियन बैंक से पैसे निकालकर घर लौट रही थीं। इस बीच दोपहर में हरसिद्धि थाना क्षेत्र के गड़हिया (माधोपुर) चिमनी के पास उनके ही बेटे ने ग्रामीणों को बताया कि कुछ अपराधियों ने उस पर हमला कर दिया और उसकी मां को साथ ले जाने के साथ रुपये भी लूट लिए। हालांकि, इसकी सूचना तत्काल पुलिस को नहीं दी गई।

गन्ने के खेत में मिला महिला का शव

बुधवार की दोपहर, जब ग्रामीणों ने गन्ने के खेत में एक महिला का खून से सना हुआ शव देखा, तो इलाके में हड़कंप मच गया। इसकी सूचना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान नगमा खातून के रूप में की। महिला के शरीर पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की छानबीन में जुट गई।

पुलिस की पूछताछ में बेटे ने कबूला जुर्म

घटना की जांच के लिए एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर अरेराज डीएसपी नवीन कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। इसमें हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार और पहाड़पुर थानाध्यक्ष अजय कुमार शामिल थे। जांच के दौरान पुलिस को नगमा खातून के बेटे आलम हुसैन की भूमिका संदिग्ध लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पैसे के लिए की मां की हत्या

आरोपी बेटे आलम हुसैन ने पुलिस पूछताछ में यह स्वीकार किया है कि उसने ही अपनी मां के पास मौजूद पैसों को हड़पने के लिए पहले से ही एक चाकू खरीद कर रखा हुआ था। सुनसान जगह देखकर उसने चाकू से अपने मां की हत्या कर दी और फिर शव को गन्ने के खेत में फेंक दिया। इसके बाद उसने खुद को बचाने के लिए लूट व अपहरण की मनगढ़ंत कहानी गढ़ी। फिलहाल पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

ये भी पढ़ें- मुंगेर से हथियार लाकर मोतिहारी में करता था सप्लाई, 5 पिस्टल और मैगजीन के साथ तस्कर गिरफ्तार