सोहराब आलम, मोतिहारी। पूर्वी चंपारण के मोतिहारी स्थित पताही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में कथित तौर पर समय पर ऑक्सीजन नहीं मिलने से एक मरीज की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में मृतक के परिजनों ने जमकर हंगामा करना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराने में जुट गई।
ऑक्सीजन रूम में लगा था ताला
बताया जा रहा है कि राकेश कुमार अपने मरीज बैजू राउत को सांस लेने में तकलीफ होने पर इलाज के लिए पताही सीएचसी लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के ऑक्सीजन रूम में ताला लगा था और समय पर ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं कराई गई, जिससे मरीज की मौत हो गई।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि डॉक्टर अस्पताल में मौजूद थे, लेकिन आवश्यक उपचार और ऑक्सीजन नहीं मिल सका, जिसके चलते उनके मरीज की मौत हो गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है, जबकि अस्पताल प्रशासन की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
स्वास्थ्य विभाग के एक्शन पर टिकी निगाहें
समय पर ऑक्सजीन नहीं मिलने और डॉक्टरों द्वारा इलाज नहीं करने की वजह से मरीज की हुई मौत का मामला सरकारी अस्पतालों, डॉक्टरों और राज्य के स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोल रहा है। बिहार के नए नवेले स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भले ही अस्पतालों का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने का दावा कर रहे हों, लेकिन धरातल पर सच्चाई कुछ और ही नजर आ रही है। ऐसे में अब यह देखने वाली बात होगी की इस मामल में स्वास्थ्य विभाग क्या कुछ एक्शन लेता है।
ये भी पढ़ें- वैशाली डबल मर्डर: छुट्टी पर घर आए आर्मी जवान और पिता की गोली मारकर हत्या

