Vaishali Double Murder: बिहार के वैशाली जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां आज रविवार (12 जुलाई) की सुबह छुट्टी पर घर आए आर्मी जवान और उसके पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुए इस डबल मर्डर से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन महकमे में हड़कंप मच गया। पूरा मामला बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासन गांव की है।

रास्ते को लेकर चचेरे भाई से हुआ था विवाद

मृतक आर्मी जवान की पहचान जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही करंट लगने से आर्मी जवान के एक रिश्तेदार की मौत हो गई थी, जिसके बाद वह छुट्टी लेकर गांव लौटा था। इस बीच आज रविवार की सुबह विवादित जमीन में रास्ते को लेकर चचेरे भाई जदगीश राय के साथ उसका विवाद हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार कल शनिवार की देर शाम विवादित रास्ते को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद और कहासुनी हुई थी, जिसकी सूचना बिदुपुथ थाने को दी गई थी। मौके पर बिदुपुर पुलिस भी पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामले को शांत करा दिया। हालांकि इस विवाद ने आज रविवार की सुबह खूनी रंग ले लिया।

गोली लगने से पिता-पुत्र दोनों की मौत

विवादित रास्ते को लेकर आज सुबह आरोपी पक्ष ने आर्मी जवान और उसके पिता पर हमला बोल दिया। आरोप है कि जगदीश राय ने जितेंद्र कुमार और उनके पिता मुनारीक राय पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। गोली लगने से मुनारीक राय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल आर्मी जवान को स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस-प्रशासन में मचा हड़कंप

डबल मर्डर की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। बिदुपुर थाने की पुलिस के साथ जिले के कई बड़े अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बेटे-पिता की हत्या के बाद गांव में तनाव के माहौल को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

परिवार समेत फरार हुआ आरोपी

घटना को लेकर सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने रास्ते के विवाद में इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। घटना के बाद आरोपी परिवार समेत घर छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

आर्मी जवान और उसके पिता की हत्या के बाद पूरे गांव में शोक और भय का माहौल बना हुआ है। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।

ये भी पढ़ें- नालंदा में खूनी खेल: जेल से बाहर आए आरोपी की हत्या, घर में घुसकर मारी गोली