सोहराब आलम, मोतिहारी। जिला पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। दरअसल छतौनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंकज कुमार सिंह (31 वर्ष), पिता ललन सिंह, निवासी सुबैया, थाना कोटवा के रूप में हुई है, जो वर्तमान में छोटा बरियारपुर स्थित कोल्ड स्टोरेज के पीछे एक अपार्टमेंट में रह रहा था।

शराब, नगद कैश और हथियार बरामद

पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से 2.25 लीटर विदेशी शराब, एक लाख 23 हजार रुपये नकद, एक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई छतौनी थाना कांड संख्या 545/26 के तहत की गई है। मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)(ए) और 30 के तहत कार्रवाई का उल्लेख किया गया है। गिरफ्तार आरोपी से संबंधित मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। बरामद हथियार, कारतूस, नकदी और अन्य सामान को लेकर मामले की जांच की जा रही है।

मोतिहारी पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी

गौरतलब है कि मोतिहारी पुलिस इन दिनों लगातार अपराधियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। बीते 12 अक्टूबर की रात एसपी स्वर्ण प्रभात के नेतृत्व में पुलिस ने छतौनी थाना क्षेत्र के बरियारपुर स्थित एक भू-माफिया के घर पर छापेमारी की थी। इस दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में नकदी, हथियार, कारतूस और जमीन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं। वहीं, मौके से भू-माफिया राकेश शर्मा के बेटे साहिल शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी के दौरान भू-माफिया राकेश शर्मा घर पर नहीं मिला, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

27 लाख नकद कैश और हथियार बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 2 राइफल, 2 पिस्टल, करीब 100 कारतूस, 6 ब्रांडेड शराब की बोतलें, 65 से अधिक जमीन की रजिस्ट्री डीड के कागजात जिनका मूल्य 15 करोड़ से अधिक बताया जा रहा है और 27 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार राकेश शर्मा लंबे समय से जमीन के अवैध कारोबार में सक्रिय था। उस पर जमीन पर कब्जा, फर्जी रजिस्ट्री और लोगों को धमकाने के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस उसकी गतिविधियों पर लंबे समय से नजर रख रही थी।

ये भी पढ़ें- नालंदा में सिपाही की हत्या पर भड़की सियासत, राजद ने पूछा – आम आदमी का क्या होगा?