Nalanda Constable Death: नालंदा में शराब तस्करों द्वारा किए गए फायरिंग में गोली लगने से सिपाही की मौत हो गई। घटना पर राजद नेता और प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने तंज कसते हुए कहा कि, पुलिस भी सुरक्षित नहीं है। शराब माफियाओं ने अजीत कुमार की हत्या कर दी। हम बार-बार कहते हैं कि बिहार में कानून का राज समाप्त हो चुका है। जब पुलिस कर्मी के साथ ऐसा हुआ तो आम आदमी का क्या होगा?
बिहार में अपराधियों का बोलबाला- राजद
शक्ति सिंह ने कहा कि, पुलिस वाला, जिसके कंधों पर जिम्मेदारी है, वह भी अब अपराधियों का शिकार हो रहा है। बिहार में गुंडाराज है। एक तरफ शारदीय नवरात्रि की पूजा पूरे बिहार में चल रही है और दूसरी तरफ अपराधी बेखौफ हैं। सरकार को कबूल करना होगा कि गुंडाराज है, अपराधियों का बोलबाला है।
अधिकारियों का तुरंत हो तबादला- श्याम रजक
वहीं, इस घटना को चिंताजनक बताते हुए जदयू नेता श्याम रजक ने कहा कि, उत्पाद विभाग में अपनी जिम्मेदारी का निर्वाह करने वे वहां गए और छापेमारी की लेकिन इसके बावजूद आपराधिक मानसिकता के लोगों ने गोली चलाई और उनकी हत्या कर दी। ये घटना बहुत ही चिंताजनक है। सरकार को इस पर अविलंब सख्त से सख्त कार्रवाई के निर्देश देने चाहिए। जिस भी इलाके में शराब का व्यापार हो रहा है, उस इलाके के SHO समेत पूरे थाने, अध्यक्ष और पद पर मौजूद लोगों का तुरंत तबादला करना चाहिए। इसी प्रकार से मुझे लगता है कि कार्रवाई में शराबबंदी असफल होगी। क्योंकि माफियाओं में भय होना चाहिए। स्थानीय थाने की जिम्मेदारी बनती थी।
बदमाशों ने टीम पर की अंधाधुंध फायरिंग
दरअसल पूरी घटना पावापुरी थाना क्षेत्र की है, जहां सूचना मिलने के बाद शराब तस्करों को पकड़ने गई मद्य निषेध विभाग की विशेष जांच इकाई यानी EIB की टीम पर बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में पटना मुख्यालय की टीम के सिपाही अजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पुलिस और उत्पाद विभाग में हड़कंप मच गया है।
घटना पर नालंदा SP हृदय कांत का बयान
घटना पर नालंदा SP हृदय कांत ने बताया कि, बीती रात यहां पर उत्पाद विभाग की टीम को एक गुप्त सूचना मिली थी कि कोडर्मा की ओर से एक पिकअप पर शराब लादकर लाई जा रही है, जो इस ओर से गुजरेगी। फ्लाईओवर के पास उस गाड़ी को रोकने के क्रम में बदमाशों ने गोली चलाई। इस हमले में एक सिपाही को गोली लगी और इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई है। मृतक सिपाही का नाम अजीत है। अभी हमारी टीम इस बिंदु पर छानबीन कर रही है। बहुत जल्दी ही कांड का उद्भेदन किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- बिहार में क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष की 7 गोली मारकर हत्या, पत्नी ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

