सोहराब आलम/मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी पुलिस ने अपराध के विरुद्ध एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने वाहन चोरी और शराब तस्करी में संलिप्त एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 4 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में नकद, हथियार और अन्य संदिग्ध वस्तुएं बरामद हुई हैं।

​गिरोह का मॉडल: तहखानों में छिपती थी अवैध शराब

​पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से काम करता था। अपराधी चोरी की गई मोटरसाइकिलों की टंकी और सीट के नीचे गुप्त ‘तहखाना’ बनाते थे। इस गुप्त स्थान का उपयोग नेपाल से अवैध नेपाली देसी शराब की तस्करी के लिए किया जाता था, ताकि पुलिस को आसानी से चकमा दिया जा सके।

​छापामारी और बरामदगी का ब्योरा

​कुण्वाचैनपुर थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि महंगुआ बॉर्डर के रास्ते बरेवा होकर शराब की खेप ढाका की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के बाद सदर डीएसपी वन दिलीप कुमार के निर्देशन और प्रशिक्षु डीएसपी अभिषेक कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
​पुलिस ने महंगुआ में सरोज यादव के भुसौली के समीप दबिश दी, जहां से नूर आलम, मो. समिउल्लाह और एक विधि विरुद्ध बालक को पकड़ा गया। इनके पास से 26.4 लीटर नेपाली शराब और 3 मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। इसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर अरविंद सिंह और चिरैया के रंजन यादव उर्फ नीरज यादव को चोरी की अन्य मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया गया।

​भारी मात्रा में संपत्ति और हथियारों की बरामदगी

​इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 5 मोटरसाइकिलें, 4 मोबाइल फोन और 26.4 लीटर शराब के अलावा कई चौंकाने वाली चीजें बरामद की हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 16 लाख 70 हजार 500 रुपये नकद, नोट गिनने वाली मशीन, एक कट्टा, सात जिंदा कारतूस, सोना-चांदी के जेवर, जमीन के कई कागजात और सादे स्टाम्प पेपर जब्त किए हैं।

​अपराधियों का काला चिट्ठा

​पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार किए गए नरेश पर हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर धाराओं में 18 मामले दर्ज हैं। वहीं, उज्जवल का भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिस पर हत्या का प्रयास और मारपीट जैसे मामले दर्ज हैं। सदर डीएसपी दिलीप कुमार ने बताया कि मामले में सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है और छापेमारी जारी है।