सोहराब आलम, मोतिहारी। जिले के मिस्कॉट मोहल्ला स्थित साई बाबा मंदिर में चोरी की बड़ी वारदात हुई है, जहां चोरों ने मंदिर का दरवाजा तोड़कर बाबा के दरबार की कुंडी उखाड़ दी और लाखों रुपये मूल्य के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। चोर साई बाबा का करीब 8 से 10 किलो वजनी छत्र और गणेश जी की मूर्ति का लगभग 100 ग्राम वजनी मुकुट अपने साथ ले गए। हैरानी की बात यह है कि घटना के समय पुजारी मंदिर के अंदर ही सो रहे थे। चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मंदिर की दान पेटी सुरक्षित

घटना के बाद मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में चर्चा का माहौल है, वहीं श्रद्धालुओं में चिंता व्याप्त है। स्थानीय राजेश कुमार उर्फ गुड्डू ने बताया कि चोरी की जानकारी मिलने के बाद 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी गई। मामले में थाने में लिखित आवेदन भी दिया गया है। उन्होंने बताया कि मंदिर की दान पेटी सुरक्षित है, जबकि चोर अपना औजार मंदिर में ही छोड़कर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस से मामले की जांच कर चोरों की पहचान करने और चोरी गए सामान की बरामदगी की उम्मीद जताई जा रही है।

एसपी ने गश्ती टीम को किया निलंबित

घटना के दौरान पुजारी मंदिर में ही सोए हुए थे, लेकिन उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी। मंदिर का सीसीटीवी कैमरा करीब डेढ़ महीने से खराब बताया जा रहा है। अब पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। मामले की जांच के लिए डॉग स्क्वाड और एफएसएल की टीम को घटनास्थल पर जांच किया जा रहा है। घटना के बाद मोतीहारी पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने गश्ती टीम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

ये भी पढ़ें- मातम में बदली दुर्गा पूजा की खुशियां, बाइक खड़ी करने के विवाद में अधेड़ की गोली मारकर हत्या