सोहराब आलम, मोतिहारी। इस आधुनिक युग में जहां बड़े शहरों के बच्चों के पास आधुनिक लैब और महंगे संसाधन मौजूद हैं, वहीं छोटे शहर के बच्चे अपनी जिज्ञासा, रिसर्च और जुनून के दम पर अलग पहचान बना रहे हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उनके सपने आसमान से भी बड़े होते हैं।

तस्वीरें और वीडियो को किया रिकॉर्ड

मोतिहारी के एक छात्र ने भी यही साबित किया, जिसने अंतरिक्ष में 400 किलोमीटर ऊपर घूम रहे अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) को ट्रैक कर उसकी तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जब हम और आप इस दुनिया की भाग-दौड़ भरी जिंदगी में अपने कामों में व्यस्त रहते हैं, ठीक उसी वक्त हमारे सिर के ऊपर अंतरिक्ष में एक विशाल मानव निर्मित स्टेशन पृथ्वी का लगातार चक्कर लगाता रहता है। हमें इसका आभास तक नहीं होता, लेकिन उसमें मौजूद लोग हर दिन कई बार हमारे ऊपर से गुजरते हैं।

7.8 किलोमीटर प्रति सेकेंड की रफ्तार से पृथ्वी की परिक्रमा

धरती से लगभग 400 किलोमीटर ऊपर स्थित अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) विज्ञान की दुनिया का एक ऐसा अजूबा है, जो करीब 109 मीटर लंबा और 74 मीटर चौड़ा है। 4 लाख 20 हजार किलोग्राम वजनी एक फुटबॉल मैदान जितना यह अंतरिक्ष स्टेशन लगभग 7.8 किलोमीटर प्रति सेकेंड की रफ्तार से पृथ्वी की परिक्रमा करता है और इसमें इस समय सात अंतरिक्ष यात्री मौजूद हैं।

10वीं के छात्र ने कर दिखाया कारनामा

लेकिन बीती शाम जब अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन ISS मोतिहारी के आसमान से गुजर रहा था, तब शहर के एक दसवीं कक्षा के छात्र ने ऐसा काम कर दिखाया जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। माउंट लिटेरा जी स्कूल के छात्र मेहम्मद एहान ने न सिर्फ ISS को पहचान कर उसे ट्रैक किया, बल्कि अपने टेलिस्कोप और मोबाइल कैमरे की मदद से उसका वीडियो और तस्वीरें भी कैद कर लीं।

कैमरे में कैद हुआ युवक का जुनून

तेज रफ्तार से आसमान में चमकती एक छोटी सी रोशनी को पहचानना ही आसान नहीं होता, लेकिन इस छात्र ने धैर्य, तकनीक और अंतरिक्ष के प्रति अपने जुनून की बदौलत उस पल को कैमरे में कैद कर लिया। अंतरिक्ष में घूमती इस उड़ती हुई प्रयोगशाला की तस्वीरें अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं। यह सिर्फ एक वीडियो या फोटो नहीं, बल्कि यह दिखाता है कि छोटे शहरों के बच्चे भी बड़े सपने देखने और उन्हें सच करने का हौसला रखते हैं।

ये भी पढ़ें- Bihar Crime: सड़क किनारे नाबालिग युवती की लाश मिलने से फैली सनसनी, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका