Bihar Crime: गोपालगंज में सड़क किनारे एक नाबालिग और अज्ञात युवती का शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। दरअसल आज रविवार (10 मई) की सुबह जब ग्रामीण खेत की ओर गए तो उनकी नजर किशोरी की लाश पर पड़ी। देखते ही देखते यह खबर गांव में आग की तरह फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पूरा मामला बैंकुठपरु थाना क्षेत्र के गम्हारी दियारा इलाके की है।

जांच पड़ताल में जुटी पुलिस

युवती के लाश मिलने की खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। सदर-2 एसडीपीओ राजेश कुमार पुलिस बल और एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी जांचस्थल पर बुलाया गया, जिसने मौके से कुछ जरूरी साक्ष्य एकत्र किया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका

पुलिस के अनुसार किशोरी के नाक से झाग निकल रहा था और उसके हाथ-पैर अकड़े हुए थे। पुलिस को इस बात का शक है कि उसकी हत्या कहीं और की गई है और फिर उसे रात के समय फेंक दिया गया। शुरुआती जांच में युवती को जहर देकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। वहीं, उसके साथ दुष्कर्म होने की भी आशंका है, फिलहाल पुलिस इन सभी एंगल को ध्यान में रखकर मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

युवती की पहचान नहीं

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि यह मामला प्रेम-प्रसंग से भी जुड़ा हो सकता है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। वहीं, सबसे बड़ी बात यह है कि अभी तक मृतक युवती की पहचान भी नहीं हो पाई है, जिससे पुलिस को जांच आगे बढ़ाने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।

पड़ोसी पुलिस की मदद

युवती की पहचान के लिए गोपालगंज पुलिस ने पड़ोसी जिलों सारण, सिवान, मुजफ्फरपुर और मोतिहारी पुलिस को भी अलर्ट कर दिया है। मृतका की तस्वीर और जानकारी पांच जिलों में भेजी गई है ताकि उसकी पहचान जल्द हो सके। जांच में जुटे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

ये भी पढ़ें- सासाराम में चारे के मामूली विवाद में खूनी खेल, युवक को आंख के पास मारी गोली, अस्पताल में चल रहा इलाज