सोहराब आलम/ पूर्वी चंपारण। मोतिहारी केंद्रीय कारा में बंद एक महिला कैदी की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला की तबीयत बिगड़ने पर उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। वहीं मृतका के परिवार वालों ने पुलिस और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका की पहचान पिपराकोठी थाना क्षेत्र के पंडितपुर गांव निवासी पार्वती देवी के रूप में हुई है। वह छबिला सहनी की पत्नी थी। जानकारी के अनुसार, 22 मई को पिपराकोठी थाना पुलिस ने पार्वती देवी को 30 लीटर देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया और वह मोतिहारी केंद्रीय कारा में बंद थी।
आखिरकार उसकी मौत हो गई
बताया जा रहा है कि जेल में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद जेल प्रशासन ने प्राथमिक जांच कर उसे बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल रेफर किया। अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने महिला का इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी हालत लगातार गंभीर बनी रही। इलाज के दौरान आखिरकार उसकी मौत हो गई।
दोषियों पर कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन सदर अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। इस दौरान परिवार वालों ने पिपराकोठी थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। परिजनों का कहना है कि पार्वती देवी पहले से बीमार थी, बावजूद इसके उसकी सेहत को लेकर लापरवाही बरती गई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
शव का पोस्टमार्टम कराया गया
मामले की जानकारी मिलने के बाद नगर थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू की। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पूरे मामले को लेकर जांच जारी है और प्रशासन रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है।

