न्यामुद्दीन अली, अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में खुले में मांस बेचने पर कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने जेसीबी के जरिए अतिक्रमण को हटाया है। साथ ही सख्त हिदायत भी दी है। बताया जा रहा है कि लंबे समय से शिकायत मिल रही है। जिसके बाद नगर पालिका ने एक्शन लिया है।
सीएम डॉ मोहन यादव के निर्देशों का पालन करते हुए अनूपपुर जिले के कोतमा नगर पालिका ने खुले में मांस बेचने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार किया है। नगर पालिका कोतमा के अध्यक्ष अजय सराफ और मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) प्रदीप झारिया से मिली जानकारी के मुताबिक, कोतमा से अनूपपुर मुख्य मार्ग (वार्ड क्रमांक 07) में लंबे समय से खुले में और अतिक्रमण कर सूअर का मांस बेचे जाने की शिकायतें मिल रही थीं। आम जनता की ओर से लगातार मिल रही इन शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर बड़ी कार्रवाई की है।
ये भी पढ़ें: पूर्व सरपंच का सीट को लेकर हेल्पर से विवाद: साथियों ने ड्राइवर-कंडक्टर से की जमकर मारपीट, बस के फोड़े कांच
नगर पालिका प्रशासन के मुताबिक, वार्ड क्रमांक 07 में सड़क किनारे अतिक्रमण कर खुले में मांस का विक्रय करने वालों को पहले भी कई बार हिदायत और समझाइश दी गई थी कि वे इस तरह खुले में मांस न बेचें। इसके बावजूद दुकानदार लगातार नियमों का उल्लंघन कर रहे थे और खुले व अतिक्रमण वाले क्षेत्र में मांस रखकर बेचा जा रहा था। फिलहाल प्रशासन की टीम ने जेसीबी चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की है।

