इमरान खान, खंडवा। मध्य प्रदेश के इंदौर से बुरहानपुर जा रही एक यात्री बस में सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद बुधवार रात हिंसक झड़प में बदल गया। खंडवा जिले के पंधाना थाना क्षेत्र के डूल्हार फाटा के पास कुछ लोगों ने बस को रोककर ड्राइवर, कंडक्टर और हेल्पर के साथ मारपीट की। बस पर पथराव भी किया गया, जिससे उसके कांच टूट गए। घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

READ MORE: बड़ी खबरः डिप्टी कलेक्टर अरविंद माहौर पर दुष्कर्म का मामला दर्ज, पुलिस ने किया गिरफ्तार

बताया जा रहा है कि, इंदौर से बुरहानपुर जा रही यादव बस में पंधाना क्षेत्र की उमरदा ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच धर्मेंद्र सिंह अपने दो साथियों के साथ यात्रा कर रहे थे। तीनों एक चार-सीटर सीट पर बैठे थे। इसी दौरान बस के हेल्पर ने अन्य यात्रियों को बैठाने के लिए एक सीट खाली करने को कहा। इसी बात को लेकर हेल्पर और पूर्व सरपंच के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इसके बाद पूर्व सरपंच ने अपने परिचितों को फोन कर डूल्हार फाटा पर बुला लिया। जब बस डूल्हार फाटा पहुंची तो वहां पहले से मौजूद कुछ लोगों ने बस को घेर लिया। 

आरोप है कि उन्होंने बस चालक को पकड़कर मारपीट की। कंडक्टर और हेल्पर को भी बस से नीचे उतारकर पीटा । इसके बाद बस पर पथराव किया गया, जिससे आगे के कई कांच टूट गए। बस में बैठे यात्रियों में दहशत फैल गई। कई यात्री अपनी सीट छोड़कर नीचे उतर गए, जबकि महिलाएं और बच्चे घबराकर रोने लगे। विवाद और हंगामे के कारण बस करीब एक घंटे तक मौके पर खड़ी रही।

READ MORE: इंदौर हनी ट्रैप केस में नया मोड़! वायरल दावों पर सस्पेंस बरकरार, फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार

घटना की जानकारी मिलने पर पंधाना थाना प्रभारी दिलीप देवड़ा पुलिस बल और डायल-112 टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हुई और बस को आगे बुरहानपुर के लिए रवाना किया गया । पुलिस ने दोनों पक्षों के शिकायत सुन जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m