कुंदन कुमार, पटना। बिहार एमएलसी की 10 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए कल सोमवार (8 जून) को नामांकन का आखिरी दिन था। एनडीए के सभी 9 और महागठबंधन के एक उम्मीदवार (सुनील सिंह) ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया। हालांकि नामांकन की तारीख समाप्त होने और सीट नहीं मिलने के बाद सबसे अधिक सवाल उपेंद्र कुशवाहा के बेटे और सम्राट सरकार में मंत्री दीपक प्रकाश को लेकर उठ रहे हैं। इस बीच एलजेपी आर के सांसद अरुण भारती ने दीपक प्रकाश को एमएलसी का टिकट नहीं मिलने पर शायराना तंज कसा है।

गठबंधन में रखना पड़ता है बड़ा दिल- अरुण

पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के सांसद अरुण भारती ने दीपक प्रकाश को विधान परिषद में टिकट नहीं मिलने और उनके द्वारा नामांकन नहीं किए जाने पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि, गालिब का एक शेर है कि ‘हजारों ख्वाहीशें ऐसी की हर ख्वाहिश पर दम निकले’। उन्होंने कहा कि, गठबंधन में हर किसी को बड़ा दिल रखना पड़ता है। हर दल को सब कुछ नहीं मिलता है और गठबंधन में रहकर सबके लिए काम करना पड़ता है।

उपेंद्र कुशवाहा के नाराजगी पर कही ये बात

उपेंद्र कुशवाहा की नाराजगी से जुड़े एक सवाल पर सांसद अरुण भारती ने आगे कहा कि, उपेंद्र कुशवाहा जी को अगर कोई दिक्कत है, तो ऊपर प्लेटफार्म बना हुआ है। वह गठबंधन में जाकर अपनी बात वहां रख सकते हैं। वहीं, दीपक प्रकाश के द्वारा फेसबुक पर अपने सोशल मीडिया अकाउंट से मंत्री का शब्द हटा दिए जाने पर उन्होंने कहा कि, वे भविष्य का संकेत दे रहे हैं।

खतरे में दीपक प्रकाश की मंत्री पद

आपको बता दें कि बिहार सरकार में निशांत कुमार के अलावा दीपक प्रकाश ही एक ऐसे मंत्री हैं, जिन्होंने सम्राट सरकार में बिना किसी सदन का सदस्य रहते हुए मंत्री पद की शपथ ली है। दीपक प्रकाश ने 2025 चुनाव के बाद नीतीश सरकार का जब गठन हुआ तो, उस समय भी उन्होंने मंत्री पद की शपथ ली थी। हालांकि इस एमएलसी चुनाव में जदयू से निशांत को तो टिकट मिल गया और उन्होंने अपना नामांकन भी कर दिया।

वहीं, दीपक प्रकाश को उम्मीदवार नहीं बनाया गया है, ऐसे में अब उनके मंत्री पद पर संकट के बादल दिखने लगे हैं। उधर लगातार बिना किसी सदन का सदस्य रहते हुए दो बार मंत्री पद की शपथ लेने का मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है। इन सबके बीच कल सोमवार को उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट से मंत्री शब्द को हटा दिया, जिसे लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।

ये भी पढ़ें- ’20 साल तक राज किया, लेकिन…’, नीतीश के कैमूर दौरे पर BSP नेता का बड़ा हमला