मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. रामनगरी को भगवान श्री जगन्नाथ की पावन भूमि पुरी से सीधे रेल मार्ग द्वारा जोड़ने की पहल तेज हो गई है. ‘श्री रामेष्ट धर्मार्थ सेवा ट्रस्ट’ के तत्वावधान में संतों के एक प्रतिनिधिमंडल ने समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा. संतों ने अयोध्या से जगन्नाथ पुरी के बीच सीधी ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग रखी है.

​संतों का कहना है कि इन दोनों प्रमुख सनातन धार्मिक स्थलों के बीच कोई सीधी रेल सेवा न होने से श्रद्धालुओं को यात्रा में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. यदि अयोध्या से जगन्नाथ पुरी तक सीधी ट्रेन संचालित की जाती है, तो लाखों श्रद्धालुओं और यात्रियों की यात्रा सुलभ, सुरक्षित और समय की बचत करने वाली होगी.

इसे भी पढ़ें : ‘अर्नब’ ने मचाई आफत : गंगा और यमुना का जलस्तर फिर बढ़ा, प्रयागराज में घाटिए और पुरोहितों को भेजा गया सुरक्षित स्थान

संतों के इस अनुरोध पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए सांसद अवधेश प्रसाद ने तुरंत कार्रवाई की. उन्होंने रेलवे बोर्ड के चेयरमैन से फोन पर वार्ता की और रेल मंत्री को पत्र भेजकर इस मांग को शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया.​अवधेश प्रसाद ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में जगन्नाथ पुरी के सांसद से भी बातचीत की है, जो रेलवे बोर्ड के सदस्य भी हैं. दोनों जनप्रतिनिधियों के बीच इस रेल सेवा को शुरू कराने को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई है.

सांसद से मुलाकात करने वाले संतों के प्रतिनिधिमंडल में डॉ. देवेषाचार्य, अनिरुद्ध दास, वरुण दास और अमित दास समेत कई प्रमुख संत शामिल रहे. संतों ने उम्मीद जताई है कि जनहित और श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए केंद्र सरकार और रेलवे प्रशासन जल्द ही अयोध्या-जगन्नाथ पुरी सीधी रेल सेवा को हरी झंडी दिखाएगा.