नीरज काकोटिया, बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बेटे के सामने उसके ही पिता की हत्या कर दी गई। यह पूरी वारदात थाने से महज 100 मीटर दूर पर हुई। घटना के बाद हड़कंप मच गया। वहीं पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है। दोनों आरोपी आपस में पिता-पुत्र है। आइए जानते है आखिर पूरा मामला क्या है…
बालाघाट जिले के थाना परसवाड़ा से करीब 100 मीटर दूर दो दुकानदारों के बीच हुई हाथापाई में सैलून दुकानदार की मौत हो गई। तएसडीओपी अरविंद शाह ने बताया कि परसवाड़ा के पुराने अस्पताल के पास अनिल गोले की सैलून की दुकान है। सुबह जब उसका बेटा दुकान पहुचां तो आरोपी पंकज ने उससे विवाद शुरू कर हाथापाई कर दी। जिसकी सूचना बेटे ने अपने पिता अनिल गोले को दी।
ये भी पढ़ें: रिश्तेदारी की आड़ में दरिंदगी: मेहमान बन घर पहुंचे युवक ने नाबालिग से किया दुष्कर्म, बताने पर दी धमकी
इसके बाद जैसे ही अनिल सैलून दुकान पहुंचा तो आसपास रखी ईंटों को हटाने को लेकर आरोपी बाप, बेटे से कहासुनी हो गई। यहां विवाद हाथापाई तक पहुंच गया और इसी बीच आरोपी ने एक ईंट उठाकर अनिल पर दे मारा। जिसकी शिकायत करने घायल अनिल अपने बेटे के साथ पुलिस थाने गया, लेकिन जैसे ही पुलिस थाने पहुंचा ही था कि अनिल को चक्कर आ गया और वह गिर पड़ा।
इसके बाद तत्काल उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में परसवाड़ा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी फगलाल और पंकज को हिरासत में ले लिया है। मृतक का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।


