दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश में नाबालिगों से दरिंदगी का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला नर्मदापुरम जिले से सामने आया है। जहां घर पर मेहमान बनकर पहुंचे युवक ने नाबालिग के साथ गंदी हरकत को अंजाम दिया। इतना ही नहीं दुष्कर्म के बाद किसी को बताने पर धमकी भी दी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी दरिंदे को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह पूरा मामला नर्मदापुरम शहर का है। जहां 14 साल की नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। 22 वर्षीय आरोपी, पीड़िता का दूर का रिश्तेदार है, जो पिपरिया क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला है। पहली घटना 6 जून की है। बताया जा रहा है कि आरोपी मेहमान बनकर घर पहुंचा था, जहां उसने किशोरी के साथ छेड़छाड़ की। डर की वजह से पीड़िता उस वक्त चुप रही।
ये भी पढ़ें: हाई-वोल्टेज ड्रामा: कोर्ट में प्रेमी को चुना, बाहर आते ही पति संग हुई रवाना, अब किडनैपिंग की कहानी में आया बड़ा ट्विस्ट
दूसरी घटना 10 जून की है। आरोपी दोबारा घर गया और रात में रुककर नाबालिग के साथ जबरदस्ती (दुष्कर्म) की और किसी को बताने पर धमकी भी दी। पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर माता-पिता को आपबीती बताई, जिसके बाद परिजन उसे लेकर कोतवाली थाने पहुंचे। कोतवाली थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला के मुताबिक, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

