बड़वानी (वरला)। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के वरला थाना क्षेत्र स्थित ग्राम दुगानी से एक बेहद सनसनीखेज और रुह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक 24 वर्षीय मां ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा दी, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। गुरुवार दोपहर को दुगानी के रामजी फलिया में हुई इस वारदात के बाद पूरे गांव में मातम और सन्नाटा पसर गया है।

ये भी पढ़ें: ‘पुलिस टरकाती रही, पीड़ित भटकता रहा…!’ ग्वालियर में युवक से बर्बरता, जानिए कार में किडनैपिंग की पूरी कहानी

तीन साल की सलोनी और डेढ़ साल के अयान की भी गई जान

इस खौफनाक कदम के पीछे का कारण क्या था, इसको लेकर फिलहाल गहरा सस्पेंस बना हुआ है। मृतकों की पहचान माया पति प्रदीप कनोजे जिसकी उम्र 24 वर्ष, उसकी 3 साल की मासूम बेटी सलोनी और महज डेढ़ साल के बेटे अयान के रूप में हुई है।

वहीं सूचना मिलते ही वरला थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से तीनों शवों को कुएं से बाहर निकाला। शवों को पंचनामा बनाकर वरला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के शवगृह में सुरक्षित रखवाया गया है।

ये भी पढ़ें: 8 साल की मासूम से दुष्कर्म के बाद हत्या: वारदात के बाद आरोपी ने जंगल में फेंका शव, लोगों का फूटा आक्रोश, फांसी की मांग 

पीएम रिपोर्ट और पुलिस जांच से खुलेगा सस्पेंस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। एसडीओपी अजय वाघमारे ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी। तीनों शवों को बाहर निकालकर पीएम के लिए भेजा गया है। शुक्रवार को विधिवत पोस्टमार्टम के बाद ही शवों को परिजनों को सौंपा जाएगा। महिला ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, यह पीएम रिपोर्ट और परिजनों से पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर हर पहलू से मामले की जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m