कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर के कम्पू थाना क्षेत्र में चिरवाई नाके पर एक युवक के साथ मारपीट और अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने पहले उसकी बाइक रोककर लाठीडंडों और लातघूंसों से बेरहमी से मारपीट की, फिर पुराने मामले में राजीनामा न करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए जबरन कार में बैठाकर ले गए। पीड़ित ने पुलिस पर भी शिकायत दर्ज करने में लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: मजदूरी करने आई महिला ने चुराया मासूम बच्चा! मंडला भागने की फिराक में थी आरोपी, CCTV में कैद हुई करतूत
पिछौर गांव का रहने वाला है पीड़ित
पीड़ित नवल किशोर कुशवाह ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह पिछौर गांव का रहने वाला है। 5 अगस्त को वह कहीं काम से जा रहा था। इसी दौरान चिरवाई नाके के पास भारत सिंह कुशवाह अपनी कार में 7-8 साथियों के साथ वहां पहुंच गया।
पीड़ित ने शिकायत में आगे बताया कि सभी ने मिलकर उसे रोक लिया और लाठी-डंडों से पीटने लगे। नवल का कहना है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और जबरन कार में बैठाकर ले गए। किसी तरह राहगीरों की मदद से वह उनके चंगुल से छूट सका। इसके बाद वह शिकायत लेकर कम्पू थाने पहुंचा।
नवल ने बताया कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है कि उसे धमकाया या मारा गया हो। पहले भी कई बार उसपर हमला हो चुका है और कई दफा धमकिया दी गई। वहीं पीड़ित ने आरोप लगाया कि पुलिस ने पहले उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं की जिसके बाद उसने वरिष्ठ अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई।
ये भी पढ़ें: दमोह की ब्यारमा नदी में हादसा: नहाने गए तीन दोस्तों में से एक की डूबने से मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
पुलिस का पक्ष आया सामने
दूसरी तरफ पुलिस का कहना है कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। घटनाक्रम के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल कम्पू थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अब देखना होगा कि जांच के बाद आरोपियों पर क्या कार्रवाई होती है और पीड़ित के आरोप कितने सही साबित होते हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


