राकेश चतुर्वेदी, बैतूल/भोपाल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में एक हार्डवेयर व्यवसायी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अस्पताल में जांच के दौरान शव की हालत संदिग्ध लगी। बताया जा रहा है कि शव दो दिन पुराना है। हालांकि अभी मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। मृतक की पत्नी और बेटे से पूछताछ की जा रही है। यह पूरा मामला कालापाठा क्षेत्र का है।
मृतक की पहचान हरिशंकर दाने (47) के रूप में हुई है। शुक्रवार को उनकी पत्नी और बेटा उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में प्रारंभिक जांच के दौरान चिकित्सकों और अस्पताल चौकी पुलिस को शव की स्थिति संदिग्ध लगी। बताया जा रहा है कि शव करीब दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा था। इसके बाद अस्पताल चौकी ने मामले की सूचना गंज थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ये भी पढ़ें: जनसुनवाई में भड़के बीजेपी पार्षद? महिलाओं से गाली गलौज करने का आरोप, वीडियो वायरल
हरिशंकर दाने कालापाठा क्षेत्र में हार्डवेयर का व्यवसाय करते थे। उनके परिवार में पत्नी और बच्चे हैं। घर में तीन सदस्य निवास करते थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी और बेटे से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही मामले से जुड़े अन्य लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मौत किन परिस्थितियों में हुई और परिजनों को इसकी जानकारी कब मिली।
ये भी पढ़ें: शादी का झांसा देकर बनाया संबंध, फिर शादी से मुकरा युवक, युवती ने लगाए शारीरिक शोषण के आरोप
गंज थाना प्रभारी नीरज पाल के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर यह स्पष्ट होगा कि मौत स्वाभाविक कारणों से हुई, किसी दुर्घटना का परिणाम थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। फिलहाल गंज थाना पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

