शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कोरोना वॉरियर्स का धरना प्रदर्शन जारी है। आज अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। इससे पहले मुंडन कराकर सरकार के खिलाफ सद्बुद्धि यज्ञ, केश दान कर भी कर चुके हैं। कोरोना योद्धाओं की मांग है कि हरियाणा, महाराष्ट्र सरकार की तर्ज पर नियम लागू कर उन्हें परमानेंट किया जाए।

कोरोना काल में जान जोखिम में डालकर जनता की सेवा की। महामारी के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने जिम्मेदारी दी, लेकिन कोरोना का संकट खत्म होते ही इन कोरोना वॉरियर्स से रोजगार छिन गया। अब यही कोरोना वॉरियर्स अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के नीलम पार्क में 5 अक्टूबर से लगातार प्रदर्शन जारी है। 11 दिन से सरकार का कोई प्रतिनिधि अब तक मिलने नहीं पहुंचा है।

ये भी पढ़ें: राजधानी में कोरोना वॉरियर्स का प्रदर्शन: कोरोना काल में सेवाएं देने वाले स्वास्थ्यकर्मी फिर सड़क पर, रोजगार की मांग को लेकर कराया मुंडन

करीब 4 हजार स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति कोरोना काल में की गई थी, लेकिन बाद में उन्हें नौकरी से बाहर कर दिया गया। रोजगार की बहाली के लिए अब प्रदर्शनकारी आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं। कोई मुंडन कराकर विरोध जता रहा है, तो महिलाएं केशदान कर सरकार का ध्यान खींच रही हैं। स्वास्थ्यकर्मियों की दो टूक है कि जब तक रोजगार वापस नहीं मिलेगा आंदोलन खत्म नहीं होगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m