शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के अरेरा कॉलोनी में फुटपाथ गायब (चोरी) होने पर एफआईआर की मांग की गई है। आरोप है कि भूमाफिया ने फुटपाथ पर कब्जा कर पार्किंग और व्यावसायिक गतिविधियां शुरू कर दीं। शिकायतकर्ताओं ने सवाल उठाते हुए कहा कि सरकारी पैसे से बना फुटपाथ आखिर कहां गया ? वहीं चेतावनी दी कि FIR और अतिक्रमण हटाने तक संघर्ष जारी रहेगा।

भोपाल के अरेरा कॉलोनी 10 नंबर मार्केट में सरकारी फुटपाथ के कथित तौर पर गायब होने का मामला थाने पहुंचा है। स्थानीय रहवासी विवेक त्रिपाठी और लवनीश भाटी ने हबीबगंज थाने में शिकायत देकर FIR की मांग की है। आरोप है कि भूमाफिया ने फुटपाथ पर कब्जा कर पार्किंग और व्यावसायिक गतिविधियां शुरू कर दीं। शिकायतकर्ताओं ने सवाल उठाया है कि सरकारी पैसे से बना फुटपाथ आखिर गया कहां ?

ये भी पढ़ें: बालाघाट के बिरसा में 11 बच्चों की मौत का दावा: दिग्विजय सिंह ने उठाए सवाल, CM डॉ मोहन को पत्र लिखकर की ये मांग

निगम और PWD के अफसरों की भूमिका की जांच की मांग

वहीं अतिक्रमणकारियों के साथ नगर निगम और PWD के जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग की है। आरोप है कि सरकारी तंत्र की लापरवाही या मिलीभगत के बिना सार्वजनिक जमीन पर कब्जा संभव नहीं है। पुराने नक्शे और सरकारी रिकॉर्ड निकालकर फुटपाथ की पूर्व और वर्तमान स्थिति का मिलान कराने की मांग की गई है।

शिकायतकर्ताओं ने दी ये चेतावनी

शिकायतकर्ताओं ने कहा कि रिकॉर्ड और मौके की स्थिति में अंतर मिलने पर अतिक्रमणकारियों के साथ जिम्मेदार अधिकारियों को भी आरोपी बनाया जाए। फुटपाथ से अतिक्रमण हटाकर उसे मूल स्वरूप में बहाल करने की मांग है। वहीं संयुक्त रहवासी संघर्ष समिति ने चेतावनी दी कि FIR और अतिक्रमण हटाने तक संघर्ष जारी रहेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m