संजय पाटीदार, भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार आगामी 12 से 18 जून 2026 के बीच प्रदेश के सभी जिलों के विकासखंड एवं नगरीय निकाय मुख्यालयों पर तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर आयोजित करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि इन शिविरों का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाना और आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ-साथ विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों और लंबित मामलों का भी मौके पर समाधान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बताया कि प्रमुख हितग्राहीमूलक योजनाओं के पात्र लेकिन अब तक वंचित रहे लोगों की पहचान कर उनका पंजीयन, स्वीकृति और लाभ वितरण की कार्यवाही प्राथमिकता से की जाएगी। इसके अलावा विभिन्न विभागों की योजनाओं के साथ स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत व्यक्तिगत पारिवारिक शौचालय (आईएचएचएल) के लिए भी आवेदन प्राप्त कर उनका पंजीयन एवं निराकरण किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: मध्यप्रदेश का जल गंगा संवर्धन अभियान अब वैश्विक पटल पर: विदेशी राजनयिकों ने सराहा ‘MP मॉडल’, CM मोहन बोले- यह प्रदेश के लिए बड़ा सम्मान
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अभियान के दौरान प्राप्त आवेदनों को दर्ज करने और उनके निराकरण की प्रक्रिया सीएम हेल्पलाइन पोर्टल के माध्यम से संचालित होगी। साथ ही सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत लंबित प्रकरणों, राजस्व मामलों और अन्य जनशिकायतों के समाधान के लिए शिविर अवधि में विशेष अभियान भी चलाया जाएगा। शिविरों में भारत सरकार और राज्य सरकार के विकास एवं प्रगति की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। शिविरों के सफल आयोजन, विभागीय समन्वय, प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध निराकरण और पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरण की संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित जिला कलेक्टरों की होगी।

