संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्मार्ट कचरा प्रबंधन के उद्देश्य से लगाए गए स्मार्ट डस्टबिन अब खुद सवालों के घेरे में हैं। भोपाल में साढ़े 13 करोड़ के स्मार्ट डस्टबिन बदहाल नजर आ रहे है। कई डस्टबिन कबाड़ हो गये है। जिससे रखरखाव पर सवाल खड़े हो रहे है।
भोपाल स्मार्ट सिटी ने राजधानी में रियल टाइम कचरा कलेक्शन के लिए स्मार्ट डस्टबिन के प्रोजेक्ट पर काम शुरू किया था। इस योजना के तहत शहर में वर्ष 2018 में पहले चरण में 40 स्मार्ट बिन लगाए गए थे। बाद में शहर के विभिन्न स्थानों पर 150 अतिरिक्त स्मार्ट बिन लगाए थे। इस योजना के तहत कुल 190 स्मार्ट बिन लगाए गए थे, जिन पर लगभग 13.50 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे।
ये भी पढ़ें: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह की अफसरों को चेतावनी: कहा- पॉजिटिव माइंडसेट के साथ काम करें, कांग्रेस ने रोका काफिला
इन बिन को रियल टाइम कचरा कलेक्शन सिस्टम से जोड़ने का दावा किया गया था, लेकिन कई स्थानों पर इनकी खराब स्थिति और उपयोगिता, रखरखाव को लेकर सवाल उठ रहे हैं। प्रत्येक स्मार्ट बिन में सेंसर आधारित तकनीक लगाई गई थी जो कचरे का स्तर निर्धारित सीमा तक पहुंचने पर कंट्रोल रूम को सूचना भेजने वाली थी। इसके बाद संबंधित कचरा वाहन को अलर्ट जारी कर बिन खाली कराने की व्यवस्था बनाई गई थी।
स्मार्ट सिटी प्रशासन का दावा था कि इस व्यवस्था से कचरा संग्रहण अधिक प्रभावी होगा। परियोजना के दौरान यह भी बताया गया था कि एक स्मार्ट बिन में लगभग दो टन तक कचरा संग्रहित करने की क्षमता है। हालांकि वर्तमान में शहर के कई स्थानों पर लगे स्मार्ट बिन खराब, क्षतिग्रस्त या रखरखाव के अभाव में बदहाल दिखाई दे रहे हैं। कई स्मार्ट बिन न्यू मार्केट की मल्टी पार्किंग के पास के पास रखे स्मार्ट बिन जंग खा रहे है, कई डस्टबिन कबाड़ हो गए हैं।

