अनिल मालवीय, इछावर। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंच से अफसरों को चेतावनी दी हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी पॉजिटिव माइंडसेट के साथ काम करें। सरकार की मंशा पर कोई भी पलीता न लगाए। वहीं कांग्रेस नेताओं ने शिवराज सिंह का काफिला रोककर उन्हें ज्ञापन सौंपा है।
इछावर अंतर्गत आजाद चौक में एक भव्य ‘जनकल्याण शिविर’ का आयोजन किया गया। इस शिविर में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने क्षेत्र की जनता को संबोधित करते हुए विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं को लेकर कई बड़े ऐलान किए। शिवराज सिंह ने प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर जनता को आश्वस्त किया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लगभग 21,000 लोगों का सर्वे पूरा कर लिया गया है और अब उनका फिजिकल वेरिफिकेशन किया जा रहा है। वेरिफिकेशन के बाद सभी कच्चे मकान वालों को पक्का मकान बनाने के लिए राशि स्वीकृत की जाएगी।
अफसरों को दी ये चेतावनी
उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि अधिकारी पॉजिटिव माइंडसेट के साथ काम करें। सरकार की मंशा पर कोई भी पलीता न लगाए। मुझे शिकायतें मिली हैं कि पात्र लोगों के नाम भी किसी न किसी बहाने से काटे जा रहे हैं। अब ऐसा बिल्कुल नहीं चलेगा। एक-एक आवेदन की ठीक से जांच होगी और किसी भी गरीब का हक नहीं मारा जाएगा। कार्यक्रम में विकास कार्यों की गति को आगे बढ़ाते हुए राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा की मौजूदगी में एक और बड़ी घोषणा की गई। क्षेत्र के जो छोटे-छोटे गांव अब तक मुख्य सड़कों से नहीं जुड़ पाए थे, उनके लिए सरकार ने बड़ी राहत दी है।
36 नई सड़कों के स्वीकृति पत्र
शिविर में इछावर क्षेत्र के 36 गांवों के लिए 36 नई सड़कों के स्वीकृति पत्र सौंपे गए, जिससे इन ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन बेहद सुगम हो जाएगा। इस जनकल्याण शिविर में प्रशासनिक अधिकारियों समेत भारी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक और हितग्राही उपस्थित रहे, जिन्हें मौके पर ही विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के इछावर आगमन पर कांग्रेस के नेताओं ने उनका काफिला रोककर ज्ञापन भी सौंपा।

