संजय पाटीदार, भोपाल। उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती-2023 की वेटिंग लिस्ट में शामिल शिक्षकों का आक्रोश सोमवार को राजधानी भोपाल में एक बार फिर देखने को मिला। लंबे समय से नियुक्ति नहीं मिलने से वेटिंग शिक्षक परेशान हैं। नियुक्ति और पद वृद्धि की मांग को लेकर वेटिंग शिक्षक रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन करने पहुंचे। सुबह करीब 11 बजे पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर वहां से वाहन में बैठाकर डीपीआई (लोक शिक्षण संचालनालय) कार्यालय पहुंचाया।

आपको बता दे कि प्रदर्शन को कॉकरोच जनता पार्टी का भी समर्थन मिला। कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके ने भी वीडियो जारी कर इन वेटिंग शिक्षकों का समर्थन करने की बात कही है। आंदोलन में महिला वेटिंग शिक्षक भी शामिल हुई। प्रदर्शनकारी वेटिंग शिक्षकों का कहना है कि वर्ग-1 उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती के तहत पहले पात्रता परीक्षा और फिर चयन परीक्षा आयोजित की गई।

ये भी पढ़ें: भोपाल में कर्मचारी शिक्षक महासंघ का शक्ति प्रदर्शन: सम्मानजनक वेतन और 12 माह सेवा की मांग, अंबेडकर मैदान में जुटे कर्मचारी

इस भर्ती प्रक्रिया में दो-दो परीक्षाएं देने के बावजूद अच्छे अंक प्राप्त करने वाले कई अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति नहीं मिल सकी। उनका आरोप है कि भर्ती में 8420 पद घोषित किए गए थे, लेकिन वास्तविक नियुक्ति केवल 2901 पदों पर ही की गई, जिससे हजारों योग्य अभ्यर्थी वेटिंग लिस्ट में रह गए।

वेटिंग शिक्षक संघ के मनोज दंडोतिया ने बताया कि अगस्त 2023 में परीक्षा होने के बाद से ही पद वृद्धि और वेटिंग सूची , द्वितीय काउंसलिंग से नियुक्ति की मांग लगातार की जा रही है, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी वेटिंग शिक्षक राजधानी भोपाल में कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं। गौरतलब है कि वर्ग-1 उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती 2023 के वेटिंग शिक्षक पिछले दो साल से लगातार आंदोलन कर रहे हैं। उनकी मुख्य मांग है कि पद बढ़ाकर दूसरी काउंसलिंग कराई जाए, ताकि योग्य शिक्षकों को जल्द सरकारी नौकरी मिले।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m