शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी भोपाल के ट्विशा शर्मा सुसाइड केस में आरोपी पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह को सेंट्रल जेल पहुंचाया गया है। सास गिरिबाला सिंह को कैदी नंबर 71 दिया गया है। वहीं पति समर्थ सिंह को कैदी नंबर 1782 मिला है। रिटायर्ड जज और सुरक्षा के दृष्टिकोण से गिरिबाला सिंह को महिला बैरक में निगरानी में रखा गया है। आरोपी पति समर्थ सिंह को ब-खंड बैरक अस्पताल में निगरानी में रखा गया है। CBI की विशेष अदालत ने ट्विशा शर्मा के पति और सास को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा है। कोर्ट ने दोनों को 16 जून तक न्यायिक रिमांड में भोपाल सेंट्रल जेल भेजने के आदेश दिए थे।
ट्विशा शर्मा सुसाइड मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह से कई सवाल पूछे गए। दोनों को घर ले जाकर ट्विशा की डमी बॉडी को फांसी लगाकर सीन रिक्रिएशन कराया। आज रिमांड खत्म होने पर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। जहां सीबीआई ने उनकी आगे रिमांड नहीं मांगी। जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
ये भी पढ़ें: Twisha Sharma Suicide Case: सास-पति को 14 दिन की जेल, कोर्ट ने 16 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजा
आपको बता दें कि इससे पहले 29 मई को कोर्ट ने पूर्व जज और ट्विशा की सास गिरिबाला को 5 दिन की सीबीआई रिमांड पर भेजा था। 28 मई को गिरिबाला सिंह से 7 घंटे तक पूछताछ के बाद उनके घर से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद टीम उन्हें लेकर भोपाल मेनिट पहुंची जहां उनका मेडिकल हुआ। जहां से उन्हें सीबीआई ऑफिस ले जाया गया।
ये है पूरा मामला
गौरतलब है कि 11-12 मई की रात ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का प्रारंभिक कारण फांसी बताया गया था, लेकिन परिजनों ने रिपोर्ट पर सवाल खड़े किए थे। उनका आरोप है कि मृतका के शरीर पर मौजूद चोट के निशानों का जिक्र पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नहीं किया गया। इसके साथ ही परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही और मामले में आरोपी पक्ष, खासतौर पर सास गिरिबाला सिंह के रसूख के चलते जांच प्रभावित होने के आरोप भी लगाए थे।

