राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के घर जल्द शहनाई गूंजने वाली है। 3 जुलाई को हेमंत खंडेलवाल के बेटे वरद की 3 जुलाई को राजस्थान में शादी होने जा रही है। हैरानी की बात यह है कि विवाह कार्यक्रम किसी शाही अंदाज में नहीं बल्कि बेहद सादगी भरा होने वाला है।
तीन जुलाई को विवाह के बंधन में बंधेंगे
हेमंत खंडेलवाल के बेटे वरद की आशी संग शादी होगी। राजस्थान में तीन जुलाई को दोनों विवाह के बंधन में बंधेंगे। इसके लिए न ही निमंत्रण-कार्ड छपे हैं और न विवाह में कोई सार्वजनिक समारोह आयोजित किया जाएगा। शादी में परिजन-रिश्तेदार सहित सिर्फ 50 लोग शामिल होंगे।
बैतूल की रहने वाली है एमपी बीजेपी अध्यक्ष की होने वाली बहू
शादी के लिए किसी भी राजनीतिक या सार्वजनिक जीवन से जुड़ी हस्ती को निमंत्रण नहीं दिया गया है। शादी पूरी तरह पारिवारिक माहौल में सादगी के साथ होगी। एमपी बीजेपी अध्यक्ष की होने वाली बहू भी बैतूल की रहने वाली है। उनका परिवार राजनीति से नहीं जुड़ा है।
बीजेपी ने की सादगी की सराहना
प्रदेश अध्यक्ष की इस सादगी की बीजेपी ने सराहना की है। प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कहा, ‘एमपी का प्रेरक नेतृत्व। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने पुत्र का विवाह सामूहिक विवाह समारोह में सादगी पूर्वक संपन्न कर समाज के समक्ष एक प्रेरक उदाहरण रखा था। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदरणीय श्री हेमंत खण्डेलवाल जी भी अपने पुत्र का विवाह दिखावे और आडंबर से दूर, भारतीय पारिवारिक संस्कारों एवं सामाजिक मर्यादाओं के अनुरूप केवल सीमित परिजनों की उपस्थिति में संपन्न कर रहे हैं। सादगी ही सबसे बड़ा संस्कार है, और जब नेतृत्व स्वयं उदाहरण बनता है, तभी समाज में सकारात्मक परिवर्तन आता है।’
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

